सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल में जलपाईगुड़ी से अलग कर अलीपुरद्वार जिले के गठन के बाद उत्तर बंगाल में एक और नये जिले का गठन हो रहा है. दार्जिलिंग जिले से कालिम्पोंग को अलग कर एक नया जिला बनाया जायेगा. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कालिम्पोंग को अलग जिला बनाने की घोषणा पिछले साल ही विधानसभा चुनाव से पहले कर दी थी. अब इसकी औपचारिक रूप से शुरूआत की जायेगी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कालिम्पोंग को जिला घोषित करने के लिए इस महीने की 13 तारीख को पर्वतीय क्षेत्र के दौरे पर आ रही हैं. 14 तारीख को नया जिला बनाने की घोषणा के साथ ही कालिम्पोंग जिला अपना काम भी शुरू कर देगा.
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियां की जा रही है. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये जा रहे हैं. 14 फरवरी को कालिम्पोंग के मेला ग्राउंड में एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कालिम्पोंग को नया जिला बनाने की घोषणा करेंगी. वरिष्ठ पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी कालिम्पोंग में कैम्प कर रहे हैं. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर जारी है. दार्जिलिंग के जिला अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 13 फरवरी को कोलकाता से बागडोगरा हवाई अड्डा पहुंचेंगी और यहां से सीधे कालिम्पोंग के लिए रवाना हो जायेंगी. उस दिन मुख्यमंत्री का कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं है. इसके अगले दिन 14 फरवरी को कालिम्पोंग के मेला ग्राउंड में एक विशेष समारोह के बीच दिन के दो बजे कालिम्पोंग को अलग जिला बनाने की घोषणा करेंगी. उसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है. इस बीच, 14 तारीख से ही इस जिले को कार्यकारी बनाने के लिए तमाम तरह की प्रशासनिक तैयारियां कर ली गयी हैं. एसडीओ कार्यालय को जिला अधिकारी का कार्यालय बनाया गया है. संभवत: उसी दिन कालिम्पोंग के नये जिला अधिकारी की भी नियुक्ति कर दी जायेगी. इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक का कार्यालय भी उसी दिन से काम करने लगेगा. दार्जिलिंग के जिला अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया है कि कालिम्पोंग के वर्तमान एएसपी कार्यालय को एसपी कार्यालय में तब्दील कर दिया जायेगा. इसके साथ ही कालिम्पोंग के वर्तमान सब-डिवीजन कोर्ट में ही डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की शुरूआत कर दी जायेगी. श्री श्रीवास्तव ने आगे बताया कि अन्य भी कई अस्थायी कार्यालय बनाये जा रहे हैं.
आने वाले दिनों में विभिन्न स्थायी कार्यालयों का निर्माण शुरू किया जायेगा. जिले के लिए आवश्यक विभिन्न सरकारी कार्यालयों के निर्माण के लिए जमीन की पहचान कर ली गयी है. आने वाले दिनों में स्थायी कार्यालय का निर्माण शुरू किया जायेगा. जब तक विभिन्न कार्यालयों के भवन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक इसी अस्थायी कार्यालय से अधिकारी जिले का काम-काज संभालेंगे. इस बीच, कालिम्पोंग को नया जिला बनाये जाने को लेकर यहां राजनीतिक गहमा-गहमी काफी बढ़ गयी है. खासकर तृणमूल कांग्रेस तथा हर्क बहादुर के नेतृत्व वाली जन आंदोलन पार्टी (जाप) शिविर में जश्न का माहौल है. तृणमूल कांग्रेस तथा जाप द्वारा मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है. जाप नेता डॉ हर्क बहादुर छेत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री के कालिम्पोंग आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जायेगा. नया जिला कालिम्पोंवासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. वह मुख्यमंत्री से काफी दिनों से कालिम्पोंग को अलग जिला बनाने की मांग कर रहे थे. भौगोलिक रूप से कालिम्पोंग एक दुर्गम पहाड़ी स्थल है और यहां के लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के लिए दार्जिलिंग का चक्कर काटना पड़ता था. इससे पैसे और समय दोनों की बरबादी होती थी. कालिम्पोंग के अलग जिला बन जाने के बाद सरकारी काम कराने में सुविधा होगी.
मुख्यमंत्री करेंगी बैठक: कालिम्पोंग दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक भी करेंगी. इसके अलावा विभिन्न विकास बोर्डों के साथ भी उनकी बैठक करने की योजना है. दार्जिलिंग के जिला अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया है कि 15 फरवरी को दो बजे से टाउन हॉल में मुख्यमंत्री विकास बोर्ड के साथ एक बैठक कर विभिन्न योजनाओं पर विचार-विमर्श करेंगी. अगले दिन 16 फरवरी को उनका कालिम्पोंग लौटने का कार्यक्रम है.
कौन-कौन सा इलाका: दार्जिलिंग के जिला अधिकारी ने बताया है कि कालिम्पोंग सब-डिवीजन के तीन ब्लॉकों, एक नगरपालिका तथा तीन थानों को मिलाकर नया जिला बनाया जा रहा है. नये जिले के करीब-करीब सभी विभाग 14 फरवरी से ही काम करने लगेंगे.