तीन महीने से लापता है स्कूल शिक्षक

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Jul 2016 3:29 AM

विज्ञापन

मालदा. तीन महीने से एक स्कूल शिक्षक लापता हैं. पुलिस तथा प्रशासन से परिवार वालों ने कई बार मदद की गुहार लगाई है, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ है. आखिरकार लापता शिक्षक के पिता ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मदद की गुहार लगायी है. परिवार वालों ने पड़ोसी सहित 11 लोगों के […]

विज्ञापन
मालदा. तीन महीने से एक स्कूल शिक्षक लापता हैं. पुलिस तथा प्रशासन से परिवार वालों ने कई बार मदद की गुहार लगाई है, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ है. आखिरकार लापता शिक्षक के पिता ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मदद की गुहार लगायी है. परिवार वालों ने पड़ोसी सहित 11 लोगों के खिलाफ शिक्षक के लापता होने को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है. परिवार वालों का आरोप है कि थाने में नामजद एफआइआर दर्ज कराये जाने के बाद भी इन लोगों की गिरफ्तारी तो दूर, अब तक पूछताछ भी नहीं की गई है.

यह सनसनीखेज घटना मानिकचक थाना के स्कूलपाड़ा गांव की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनसुार, लापता शिक्षक का नाम पुलक मंडल (29) है. वह नारायणपुर एससी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक थे. 15 मार्च को स्कूल जाने के समय वह अचानक लापता हो गये. तब से लेकर उनकी कोई खोज-खबर नहीं है. परिवार वालों ने कई स्थानों पर उनकी तलाश की. कोई पता नहीं चलने पर 22 मार्च को उनके पिता कुलेश चन्द्र मंडल ने मानिकचक थाने में लापता संबंधी प्राथमिकी दर्ज करा दी. बाद में पड़ोसी तपन शर्मा तथा कन्हाई शर्मा तथा उनके परिवार वालों के खिलाफ इस मामले से जुड़े होने के संदेह में 13 जून तथा 16 जून को दो बार थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई. पिता का आरोप है कि दो-दो बार थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया है कि लापता पुलक मंडल कुलेश चन्द्र मंडल के इकलौते पुत्र हैं. उनके घर के सामने 11 शतक जमीन है.

इसी जमीन पर कब्जे को लेकर उनका पड़ोसी के साथ काफी दिनों से झगड़ा चल रहा है. इधर, पुलिस में दर्ज करायी शिकायत में कुलेश चन्द्र मंडल ने कहा है कि 15 मार्च जिस दिन से पुत्र लापता हुआ, उसके एक दिन पहले 14 मार्च को पड़ोसी तपन तथा कन्हाई शर्मा ने उनके जमीन पर कब्जे की कोशिश की थी. उसके बाद से ही पुत्र का कोई अता-पता नहीं है. दोनों ने पुत्र को मार देने की धमकी दी थी. श्री मंडल ने कहा कि जमीन पर कब्जे के लिए ही दोनों पड़ोसियों ने उनके पुत्र को या तो मार दिया है या कहीं बंधक बना कर रखा है.

पुलिस तथा प्रशासन से कई बार मदद की गुहार लगायी गयी, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ. बाध्य होकर वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की शरण में जा रहे हैं. वह शीघ्र ही नवान्न जाकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और पुत्र को खोज निकालने की गुहार लगायेंगे. इस बीच, मानिकचक के कांग्रेस विधायक मुश्तकीम आलम ने बताया है कि एक प्राथमिक स्कूल शिक्षक के लापता होने की खबर उन्होंने भी सुनी है. पुलिस से इस मामले की जांच के लिए कहा गया है. इस मामले में पुलिस अधीक्षक प्रसुन बनर्जी का कहना है कि तीन महीने से एक शिक्षक के लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज करायी गई है. मानिकचक थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिक्षक की तलाश की जा रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola