सिलीगुड़ी: सपने चांद के देखो, तारे जरूर मिलेंगे. उंची उपलब्धि हासिल करने के लिए बड़ा सपना देखना जरूरी है और अपने सपने को साकार करने के लिए जुनून भी जरूरी है. जब-तक आप में मंजिल व लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जुनून पैदा नहीं होगा, आप कभी भी अपने सपने को साकार नहीं कर सकेंगे. यह कहना है वनबंधु परिषद व श्रीहरि सत्संग समिति के एकल अभियान के ग्लोबल चेयरमैन एवं एस्सल ग्रुप के चेयरमैन डॉ सुभाष चंद्रा का.
वह रविवार को महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल के प्रथम तल उद्घाटन महोत्सव ‘बढ़ते कदम’ व अग्रसेन महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह में शिरकत करने के लिए सिलीगुड़ी दौरे पर आये हुए थे. आयोजक कमेटी महाराजा अग्रसेन रिसर्च एंड सर्विस फाउंडेशन के बैनर तले स्थानीय फूलबाड़ी स्थित महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल कैंपस में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डॉ चंद्रा ने इसी हॉस्पिटल का उदाहरण देते हुए कहा कि आपने सिलीगुड़ी में एक अत्याधुनिक बहुआयामी हॉस्पिटल का सपना देखा और निर्माण करने का साहस दिखाया, जो अब साकार होने जा रहा है.
डॉ चंद्रा ने निर्माणाधीन सात मंजिले इस हॉस्पिटल के नवनिर्मित प्रथम तल का उद्घाटन किया और इसके निर्माण के लिए अग्र बंधुओं की प्रशंसा की. समारोह में बतौर अतिथि के रूप में मौजूद वनबंधु परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सजन कुमार बंसल, महाराज अग्रसेन हॉस्पिटल (दिल्ली) के अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने भी इस हॉस्पिटल के निर्माण के लिए ट्रस्टियों व पूरे समाज की प्रशंसा की. इस दौरान समाजसेवी (जयगांव) अशोक अग्रवाल ने हॉस्पिटल कैंपस में ही अग्रसेन महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया. अनावरण के साथ ही ट्रस्टी और कार्यकर्ताओं ने निःस्वार्थ स्वास्थय सेवा करने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष रामावतार बरेलिया ने सभी आगुंतकों का स्वागत किया. समारोह के दौरान डॉ चंद्रा के साथ हॉस्पिटल के कार्यकारिणी समिति के पूर्व चेयरमैन डॉ आरके अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक नरेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निर्मल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, हॉस्पिटल के लिए जमीन दानदाता व समाजसेवी जगदीश भोपाल, सज्जन बंसल, प्रदीप मित्तल भी मंच पर थे. वहीं, समारोह को सफल बनाने में गौरीशंकर गोयल, दीपक गर्ग, कुलदीप चौधरी, श्यामलाल अग्रवाल, गंगाधर नकिपुरिया, संपतमल संचेती, उत्तम गोयल, मनिष अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, नटवर नकीपुरिया, प्रेम अग्रवाल उर्फ लाला के अलावा अन्य सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही.
लक्ष्यः सचिव जीतेंद्र मित्तल ने कहा हमारा लक्ष्य इसी वर्ष के दिसंबर से पहले करीब 25 करोड़ की लागत से प्रथम चरण का कार्य पूरा करना और स्वास्थय परिसेवा के साथ-साथ भविष्य में स्वास्थ्य शिक्षा व अनुसंधान चालू करने की परियोजना है. श्री मित्तल ने अब-तक के इतिहास और भावी योजनाओं से सबकों रूबरू कराया.
मिशनः हॉस्पिटल के जन संपर्क अधिकारी (पीआरओ) दीपक गर्ग ने कहा कि हमारा मिशन इस बहुआयामी हॉस्पिटल का निर्माण केवल मरीजों का इलाज करना ही नहीं, बल्कि उच्च वर्ग, मध्यम वर्ग या फिर निम्न वर्ग हर वर्ग के मरीजों को समान स्वास्थ्य परिसेवा मुहैया कराना है. श्री गर्ग ने पूर्वोत्तर भारत का ऐसा पहला हॉस्पिटल होने का दावा किया जहां सभी वर्गों के मरीजों को उचित मूल्यों पर अत्याधुनिक तकनीक से विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपल्बध होगी.
डॉ सुभाष चंद्रा का हुआ अभिनंदन
सिलीगुड़ी दौरे पर आये डॉ सुभाष चंद्रा का वनबंधु परिषद व श्रीहरि सत्संग समिति की सिलीगुड़ी चैप्टर की महिला विंग की कार्यकर्ताओं की ओर से स्थानीय इस्कॉन मंदिर के नजदीक गितलपाड़ा में स्थित संस्कार भवन में एक रंगारंग कार्यक्रम के दौरान जोरदार तरीके से अभिनंदन किया. अभिनंदन समारोह में बतौर अतिथि के रूप में मौजूद वनबंधु परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सज्जन बंसल, महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल (दिल्ली) के अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता व अन्य विशिष्ठ व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया. समारोह अगुवायी वनबंधु परिषद के सिलीगुड़ी चैप्टर के अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल (सिमी), जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सुशील रामपुरिया, श्रीहरि सत्संग समिति के सिलीगुड़ी चैप्टर के अध्यक्ष एमबी हरलालका के मौजूदगी में हुयी़
उद्घाटन समारोह चुनावी समारोह में तब्दील : महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल के नवनिर्मित प्रथम तल्ले का उद्घाटन समारोह कुछ देर के लिए तृणमूल के चुनावी समारोह में तब्दील हो गया. इस मौके पर उत्तर बंगाल विकास मंत्री व डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा सीट से तणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम देव और सिलीगुड़ी सीट से तणमूल उम्मीदवार व फुटबॉलर बाइचुंग भुटिया समारोह में शिरकत करने आए और बतौर अतिथि मंच साझा किया. श्री देव ने कहा कि इस तरह का अत्याधुनिक हॉस्पिटल सिलीगुड़ी के लिए गर्व की बात है और इसका निर्माण कर रहे अग्र समाज प्रशंसा के पात्र हैं. इस मौके पर श्री देव और श्री भूटिया दोनों को ही आयोजक कमेटी की ओर से सम्मानित भी किया गया. हालांकि दोनों ने ही इस मौके का फायदा उठाते हुए अप्रत्यक्ष रूप से अपना चुनाव प्रचार किया़ समारोह में मौजूद समस्त लोगों के साथ हाथ जोड़कर व हाथ मिलाकर अपने समर्थन में चुनाव प्रचार किया. इस दौरान दोनों ने तणमूल का दुपट्टा तो गले में नहीं लगाया लेकिन चुनाव चिह्न जोड़ा फूल व घास वाला बैच सर्ट पर लगाये हुए थे. इस दौरान दोनों के साथ तणमूल युवा कांग्रेस के जिला कमेटी के महासचिव जय प्रकाश कनौडिया के अलावा दर्जनों कार्यकर्ता साथ में थे.