राज्य में केंद्रीय बलों का आना शुरू
सिलीगुड़ी. आने वाले विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त बनाये रखने के लिए केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों का आगमन शुरू हो गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्द्धसैनिक बल के जवान उत्तर बंगाल में विभिन्न स्थानों पर पहुंचने लगे हैं. दार्जिलिंग के अलावा सिलीगुड़ी एवं जलपाईगुड़ी में केन्द्रीय बल के जवान पहुंच गये हैं. […]
पूरे उत्तर बंगाल में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से मतदान कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की कुल 90 कंपनियों की तैनाती की जायेगी. सिलीगुड़ी के अलावा जलपाईगुड़ी में भी एसएसबी की दो कंपनी पहुंच गयी है. एक कंपनी को जलपाईगुड़ी सदर में रखा गया है, जबकि एक कंपनी को डुवार्स का नागराकाटा भेज दिया गया है. बिहार के ठाकुरगंज से एक कंपनी यहां आयी है. नागराकाटा जिस कंपनी को भेजा गया है, उसे सिलीगुड़ी के खपरैल से मंगाया गया है. एक कंपनी में कुल 133 जवान हैं, जिनमें से 75 को चुनाव कार्य के दौरान निगरानी में रखा जायेगा. जबकि बाकी जवानों को रिजर्व रखने अथवा पेट्रोलिंग के लिए तैनात किये जाने की संभावना है.
इस बीच,सभी जवानों ने आज मंगलवार से ही आम मतदाताओं के बीच आत्मविश्वास पैदा करने के लिए रूटमार्च शुरू कर दिया है. सिलीगुड़ी इंडोर स्टेडियम के निकट से इन जवानों ने रूटमार्च शुरू किया़ पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने कहा है केंद्रीय बल के जवानों ने आज से ही रूट मार्च शुरू कर दिया है.जलपाईगुड़ी सदर के डीएसपी मानवेन्द्र दास का कहना है कि दो कंपनी जिले में पहुंच गयी है. इन लोगों को कहां रूटमार्च कराया जायेगा, इसका कोई निर्देश अभी उन्हें चुनाव आयोग की ओर से नहीं मिला है. इस बीच, जिला चुनाव कार्यालय की ओर से मतदान केंद्रों एवं मतदाताओं के लिए की जा रही व्यवस्था आदि के बारे में कुछ भी नहीं बताया है. अभी तक अतिसंवेदनशील तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों की भी पहचान नहीं की गयी है. इस बीच, समय से पहले ही केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के चुनाव कार्यों के लिए पहुंच जाने का आम मतदाताओं ने स्वागत किया है. आम मतदाताओं का कहना है कि इस बार कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होने की संभावना है. बिहार के तर्ज पर यहां भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराने का निर्णय चुनाव आयोग ने किया है. यही वजह है कि मतदान की तिथि घोषित होने से पहले ही विभिन्न स्थानों पर केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती शुरू हो गयी है. इस बीच, केंद्रीय बलों की चार कंपनी दार्जिलिंग भी पहुंच गयी है़.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










