मौसम: सिलीगुड़ी में न्यूनतम पारा 9 डिग्री से नीचे उफ ! ये कड़ाके की ठंड

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी में पिछले चार दिनों से जारी कड़ाके की ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 6-7 वर्षों के बाद एक बार फिर से कड़ाके की ठंड ने सिलीगुड़ी को अपने आगोश में ले लिया है. दिन का तापमान तो करीब-करीब ठीक रहता है, लेकिन […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी में पिछले चार दिनों से जारी कड़ाके की ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 6-7 वर्षों के बाद एक बार फिर से कड़ाके की ठंड ने सिलीगुड़ी को अपने आगोश में ले लिया है. दिन का तापमान तो करीब-करीब ठीक रहता है, लेकिन शाम होते ही पारा लुढकने लगता है.

मौमस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी में पिछले तीन दिनों से न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच है. मौसम विभाग ने आगे बताया कि बुधवार को सिलीगुड़ी में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस है, जबकि रात में तापमान के लुढक कर 7 डिग्री होने की संभावना है. आने वाले तीन दिनों तक कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी. कड़ाके की ठंड ने सिर्फ सिलीगुड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र एवं डुवार्स को भी अपने लपेटे में ले लिया है. दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र के तीनों महकमा दार्जिलिंग, कालिम्पोंग तथा कर्सियांग के अलावा मिरिक में भी कड़ाके की ठंड है. पर्वतीय क्षेत्र में रात का तापमान -7 डिग्री से भी नीचे चला जाता है. कड़ाके की ठंड की वजह से शाम होने से पहले ही हर ओर घना कोहरा छा जाता है.

घने कोहरे से जहां एक ओर विमान सेवा प्रभावित हुई है, वहीं दूसरी ओर ट्रनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है. खासकर डुवार्स इलाके में सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहता है. रात में तो पूरा इलाका ही घने कोहरे की चपेट में आ जाता है. घने कोहरे की वजह से रेल सेवा के अलावा सड़क यातायात पर भी असर पड़ा है. ट्रक, बस तथा अन्य वाहन चालकों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है.

कई ट्रक चालकों का कहना है कि सुबह के 6-7 बजे तक भी कोहरा नहीं छंटने की वजह से काफी कम गति से वाहन चलाना पड़ रहा है. दुर्घटना की आशंका की वजह से वह लोग अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही गाड़ी चला पा रहे हैं. इस बीच, सबसे अधिक कोहरे वाला क्षेत्र जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी को पाया गया है. इस बीच, रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोहरे की वजह से अधिकतर ट्रेनें लेट हो रही है. मंगलवार को ब्रह्मपुत्र मेल साढ़े छह घंटा, उत्तर बंग एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, कामरूप एक्सप्रेस एक घंटा, कामाख्या लोकमान तिलक डेढ़ घंटा देर से चली. बुधवार को भी कई ट्रेनें लेट है.

धूपगुड़ी रेलवे स्टेशन के मैनेजर मनोज सिंह का कहना है कि कोहरे की वजह से कई ट्रेनों की रफ्तार सौ किलोमीटर प्रति घंटा के स्थान पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाती है. इस बीच, खराब मौसम तथा कोहरे की वजह से बागडोगरा एयरपोर्ट से विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा है. बागडोगरा एयरपोर्ट के निदेशक आर सहाय का कहना है कि पिछले कई दिनों से विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola