तृणमूल का होगा बंगाल से सफाया: प्रदीप

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी: तृणमूल कांग्रेस का बंगाल से सफाया हो जायेगा. इसकी शुरुआत हो गयी है. तृकां के लिए सिलीगुड़ी महकमा परिषद का त्रिस्तरीय चुनाव व बंगाल में अन्य जगहों पर भी हो रहा चुनाव सेमीफाइनल एवं आगामी विधानसभा चुनाव फाइनल मैच होगा. फाइनल मैच में तृकां चारों खाने चित्त हो जायेगी. तृकां पर यह तीखा हमला […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी: तृणमूल कांग्रेस का बंगाल से सफाया हो जायेगा. इसकी शुरुआत हो गयी है. तृकां के लिए सिलीगुड़ी महकमा परिषद का त्रिस्तरीय चुनाव व बंगाल में अन्य जगहों पर भी हो रहा चुनाव सेमीफाइनल एवं आगामी विधानसभा चुनाव फाइनल मैच होगा. फाइनल मैच में तृकां चारों खाने चित्त हो जायेगी. तृकां पर यह तीखा हमला कांग्रेस के सांसद प्रदीप भट्टाचार्य ने की है. वह इन दिनों त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर सिलीगुड़ी दौरे पर हैं.

सोमवार को स्थानीय हाशमी चौक स्थित जिला पार्टी मुख्यालय विधान भवन में आयोजित प्रेस-वार्ता के दौरान श्री भट्टाचार्य मीडिया को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बंगाल में तृकां के पतन का एहसास सुप्रीमो ममता बनर्जी को भी हो चुका है. इसलिए उन्होंने सिलीगुड़ी महकमा परिषद हर कीमत पर दखल करने के लिए अपने नेता-मंत्रियों को निर्देश भी दे चुकी है. मंत्री गौतम देव की प्रतिष्ठा इस चुनाव में दाव पर लगी है.

ममता की नजर में अपना कद बढ़ाने के लिए वह चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं. नीति, आदर्श व कानूनों को ताक पर रखकर खुलेआम चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं. सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव हारने के बाद ममता ने गौतम देव के पर कतर दिये हैं. अगर महकमा परिषद पर भी तृकां दखल नहीं कर सकी तो मंत्री का बचा-खुचा सम्मान भी ममता खत्म कर देगी. श्री भट्टाचार्य का कहना है कि इसी वजह से चुनाव जीतने के लिए गौतम साम-दाम-दंड की नीति अपना रहे हैं. मंत्री लाइसेंसी व गैर-लाइसेंसी अपराधियों के जरिये चुनावी वैतरनी पार करने की साजिश रच रहे हैं. तृकां के नेता-मंत्री अपने रसूख व सत्ता का पावर दिखा रहे हैं. चुनाव अधिकारियों, सरकारी अमलों व पुलिस प्रशासन को इस चुनाव में खुलेआम तृकां के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. खाकी वर्दी तो पूरी तरह तृकां के रंग से सराबोर हो चुकी है. खाकी वर्दी हिटलरगिरि दिखा रही है. विरोधी नेता, उम्मीदवारों व कार्यकर्ताओं को तृकां में शामिल होने के लिए डरा-धमका रही है.

ऐसा न करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर बदसलुकी व जबरन गिरफ्तार किया जा रहा है. पुलिस का ऐसा ही नंगा नाच बीते 16 सितंबर की रात को देखने को मिला. खोरीबाड़ी की पुलिस ने रानीगंज के पानीसाला सीट से कांग्रेस की महिला उम्मीदवार शिवानी बर्मन को नाइटी पहने अवस्था में चोटी पकड़कर घर से उठा ले गयी और तृकां में शामिल न होने के लिए उसपर मर्डर केस का झूठा मामला दायर कर दिया गया. हालांकि कोर्ट में पुलिस द्वारा गवाह व सबूत पेश न किये जाने की वजह से शिवानी को तीन दिन बाद ही जमानत मिल गयी. बगैर महिला पुलिस के महिला उम्मीदवार को झूठे मामले में जबरन गिरफ्तार करने व बदसलूकी करने को लेकर कांग्रेस दबंग पुलिस अधिकारी को कोर्ट व राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पास घसिटेगी.

केंद्रीय बल तैनात करने की मांग
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने व केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की मौैजूदगी में चुनाव की अपील कई बार राज्य चुनाव आयोग से की जा चुकी है. साथ ही तृकां के नेता-मंत्री व सरकारी अमलों द्वारा खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन किये जाने की लिखित शिकायत भी आयोग से की गयी है. साथ ही तृकां चुनाव में हिंसा, वोट लूट व जबरन बूथ दखल जैसे गड़बड़ी फैलाने के लिए बिहार, असम, नेपाल, बांग्लादेश व भूटान के कुख्यात अपराधियों का सहयोग व आग्नेयास्त्रों का इस्तेमाल न कर सके, इसके लिए भी सिलीगुड़ी से सटे सभी अंतरराजीय-अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को भी सिल करने की मांग कांग्रेस आयोग से की है. प्रेस-वार्ता के दौरान विधायक सुखविलास बर्मा व शंकर मालाकार ने भी मीडिया को संबोधित किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola