मां भारती के समर्थन में खड़े हुए

Published at :13 Oct 2017 11:42 AM (IST)
विज्ञापन
मां भारती के समर्थन में खड़े हुए

सिलीगुड़ी. अभागोली के घमसान में कूदे तृणमूल नेता संयोग तमांग मां की हत्या की साजिश का लगाया आरोप भरी सभा में ऑडियो क्लिप जारी किया किसी को ठोकने की कही जा रही है बात सिलीगुड़ी : पहाड़ की अखिल भारतीय गोरखा लीग पार्टी (अभागोली) दो गुटों में बंट गयी है. अभागोली के संस्थापक मदन तमांग […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. अभागोली के घमसान में कूदे तृणमूल नेता संयोग तमांग
मां की हत्या की साजिश का लगाया आरोप
भरी सभा में ऑडियो क्लिप जारी किया
किसी को ठोकने की कही जा रही है बात
सिलीगुड़ी : पहाड़ की अखिल भारतीय गोरखा लीग पार्टी (अभागोली) दो गुटों में बंट गयी है. अभागोली के संस्थापक मदन तमांग की हत्या के बाद अब उनकी पत्नी भारती तमांग को भी जान से मारने की कोशिश की जा रही है. इसका आभास होते ही भारती तमांग ने अपनी ही पार्टी के महासचिव प्रताप खाती के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है. यह आरोप भारती तथा स्वर्गीय मदन तमांग के पुत्र संयोग तमांग ने लगाया है.
यहां उल्लेखनीय है कि हाल ही में अभागोली के महासचिव प्रताप खाती ने पार्टी अध्यक्ष तथा मदन तमांग की पत्नी भारती तमांग को निष्कासित करने का ऐलान किया. मिली जानकारी के अनुसार अलग गोरखालैंड राज्य को लेकर सिलीगुड़ी स्थित मिनी सचिवालय उत्तरकन्या में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में शामिल होने की वजह से भारती तमांग को पार्टी से निष्कासित किया गया है.
जबकि भारती तमांग के बेटे संयोग तमांग ने बैठक में शामिल होना राज्य की मुख्यमंत्री का सम्मान बताया. गुरुवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रताप खाती द्वारा भारती तमांग को अभागोली से निष्कासित करने के फैसले पर सवाल खड़ा किया है. उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी का एक संविधान होता है.
पार्टी से किसी भी सदस्य का निष्कासन पार्टी गाइड लाइन के अनुसार ही हो सकता है. फिर यह तो पार्टी अध्यक्ष को निष्कासित करने का मामला है. वैसे भी अभागोली पार्टी के केंद्रीय कमिटी में दस लोग भी नहीं है. उत्तरकन्या में हुई बैठक में पार्टी अध्यक्ष भारती तमांग, पार्टी उपाध्यक्ष, युवाध्यक्ष व संयोजक उपस्थित हुए थे. सभी पार्टी के बड़े पदों पर हैं. फिर इनको निकालने का फैसला किस आधार पर लिया गया. अभागोली प्रताप खाती की नहीं बल्कि भारती तमांग की है.
मदन की तरह निशाने पर भारती
वर्षों पहले पहाड़ पर दिन दहाड़े अभागोली के संस्थापक मदन तमांग की हत्या कर दी गयी थी. अब पार्टी अध्यक्ष उनकी पत्नी भारती तमांग भी निशाने पर हैं. उनके बेटे संयोग ने एक ऑडियो क्लिप सार्वजनिक किया है.
उस क्लिप में एक व्यक्ति भारती तमांग को ठोकने का निर्देश देते पाया गया है. संयोग तमांग ने प्रताप खाती पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपने किसी शागिर्द को भारती तमांग पर गोली दागने का निर्देश दे रहे हैं. उस व्यक्ति की पहचान भी कर ली गयी है. दार्जिलिंग के जोरबंग्लो थाने में प्रताप खाती के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने उचित जांच करने का आश्वासन दिया है.
कैसे बिगड़ी परिस्थिति
भाषाई विवाद के बाद अलग राज्य गोरखालैंड की मांग को लेकर आंदोलन शुरू होते ही छोटे-बड़े सभी राजनैतिक पार्टी गोजमुमो के साथ खड़ी हो गयी. बीते तीन महीने लगातार चले आंदोलन का परिणाम जीरो दिखाई देने के बाद पहाड़ के नेता मांग से भटकने लगे.
यहां तक कि गोजमुमो में भी दो फाड़ हो गया. 11 सितंबर को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में उत्तरकन्या में हुयी बैठक में गोजमुमो प्रमुख बिमल गुरूंग के अनुयायियों को छोड़कर बिमल गुरूंग द्वारा गोजमुमो से निष्कासित विनय तमांग, अनित थापा, अभागोली की अध्यक्ष भारती तमांग सहित पहाड़ के कई नेता शामिल हुए. यह बात गोरखालैंड के पक्षधरों को रास नहीं आ रही है.
इस बैठक में शामिल होने की वजह से प्रताप खाती ने भारती तमांग को पार्टी से बहिष्कार कर दिया. पार्टी से निष्कासित करने की नोटिस तक नहीं दी गयी. सिलीगुड़ी में आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान संयोग तमांग ने बताया कि उत्तरकन्या की बैठक तृणमूल नहीं बल्कि राज्य सरकार ने बुलायी थी.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बैठक की अध्यक्षता की थी. इस बैठक में उपस्थित होने के लिए पहाड़ के तमाम नेताओं को फोन कर निजी तौर पर आने की अपील की गयी थी. राज्य की मुख्यमंत्री के सम्मान में इस बैठक में उपस्थित होना आवश्यक था. प्रताप खाती की राज्य सरकार के साथ निजी दुश्मनी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola