जंगली हाथी के हमले से चार घंटे में दो लोगों की हुई मौत
Published by : SUBODH KUMAR SINGH Updated At : 15 Aug 2025 1:20 AM
जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी अनुमंडल के बानरहाट क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में चार घंटे के भीतर दो लोगों की मौत हो गयी
बानरहाट प्रखंड के अलग-अलग इलाकों में हुईं दर्दनाक घटनाएं
संवाददाता, कोलकाता.
जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी अनुमंडल के बानरहाट क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में चार घंटे के भीतर दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान सोमरा ओंराव (50) और गुरुया ओंराव (60) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हाथी ने दोनों को अपनी सूंड से उठाकर पटकने के बाद कुचलकर मार डाला. इन घटनाओं से डुआर्स क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है.
पहली घटना बुधवार रात करीब 12:30 बजे बानरहाट प्रखंड के दुरामारी स्थित चानदीपा गांव में हुई. यहां एक जंगली हाथी घुस आया और सोमरा ओंराव के घर के सामने पहुंच गया. हाथी ने उन्हें अपने सामने पाकर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गयी. दूसरी घटना गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे तोतापाड़ा चाय बागान के बस लाइन इलाके में हुई. गुरुया ओंराव जंगल में नाश्ता करने गये थे, जहां उनका सामना जंगली हाथी से हो गया और उसने उन्हें भी कुचलकर मार डाला.
हाथियों का समूह गांवों और चाय बागानों में घूम रहा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का एक समूह बानरहाट प्रखंड के विभिन्न गांवों और चाय बागानों में घूम रहा है. कभी ये चाय बागानों में तो कभी सड़क किनारे दिखाई देते हैं. ग्रामीणों का मानना है कि ये हाथी खाने की तलाश में इलाके में घुस रहे हैं.
ग्रामीणों ने शिकायत की है कि वन विभाग हाथियों को गांव में घुसने से रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही बानरहाट थाना पुलिस और बिन्नागुड़ी वन्यजीव दस्ते के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस ने निवासियों से रात में अकेले घर से बाहर न निकलने की अपील की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










