उत्तरपाड़ा के निजी होम में युवती से शारीरिक शोषण का आरोप, चार अरेस्ट
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 13 Sep 2025 11:48 PM
पुलिस ने उन्हें शनिवार को हिरासत में लेने के बाद श्रीरामपुर अदालत में पेश किया.
हुगली. उत्तरपाड़ा थाने के नबग्राम स्थित एक निजी होम में रहने वाली एक युवती (26) ने शारीरिक शोषण की शिकायत दर्ज करायी है. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में होम का संचालक, सचिव और दो कर्मचारी शामिल हैं. पुलिस ने उन्हें शनिवार को हिरासत में लेने के बाद श्रीरामपुर अदालत में पेश किया. जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने गत गुरुवार को श्रीरामपुर महिला थाने में शिकायत दर्ज करायी थी. इसके बाद मामले की गंभीरता देखते हुए कार्रवाई की गई. गिरफ्तार सचिव अजय चट्टोपाध्याय नबग्राम पंचायत के पूर्व तृणमूल सदस्य बताये जाते हैं. नबग्राम क्षेत्र तृणमूल अध्यक्ष अपूर्व मजूमदार ने कहा कि पीड़िता बेहद मेधावी है और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी. कुछ समय पहले वह हमारे पार्टी दफ्तर भी आयी थीं और होम के खिलाफ कई शिकायतें की थीं. हमने उन्हें पुलिस की मदद लेने की सलाह दी थी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अजय अब तृणमूल से जुड़े नहीं हैं. भाजपा के नबग्राम मंडल अध्यक्ष राजेश रजक ने कहा कि अजय पहले से ही तृणमूल से जुड़े हैं, इसलिए उनका पंचायत में उठना-बैठना स्वाभाविक है. अगर आरोप सच हैं, तो पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. हालांकि, होम के कुछ कर्मचारियों ने संचालक का बचाव करते हुए कहा कि वह लंबे समय से उनके साथ हैं और कभी किसी अनुचित घटना के बारे में नहीं पता चला. गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में उत्तरपाड़ा के निजी होम और नशा मुक्ति केंद्रों से लगातार गंभीर घटनाएं सामने आयी हैं. हाल ही में एक नशा मुक्ति केंद्र के संचालक की हत्या और एक अन्य केंद्र में आवासिक की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










