ePaper

मुख्यमंत्री ने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया : विजयवर्गीय

Updated at : 12 Oct 2019 6:33 AM (IST)
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया : विजयवर्गीय

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था के “पूरी तरह चरमराने” का आरोप लगाते हुए उसके बारे में सूचित करने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से समय मांगा है. पार्टी के महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को यह जानकारी […]

विज्ञापन

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था के “पूरी तरह चरमराने” का आरोप लगाते हुए उसके बारे में सूचित करने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से समय मांगा है. पार्टी के महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

मुर्शिदाबाद के तिहरे हत्याकांड और राज्य भर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमले की पृष्ठभूमि में यह जानकारी सामने आयी है. पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रभारी विजयवर्गीय ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए.
श्री विजयवर्गीय ने कहा : हमने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से बंगाल में बदतर होती कानून-व्यवस्था से उन्हें अवगत कराने के लिए समय मांगा है. दिन-दहाड़े लोगों की हत्या की जा रही है.
उन्होंने कहा : पिछले कुछ दिनों में बंगाल में आठ भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई. हमारा मानना है कि ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है और उन्हें पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए. राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है.
भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी राज्य में पिछले दो साल में मारे गये 81 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं के ब्यौरे के साथ एक ज्ञापन तैयार करेगी. इस पर तुरंत प्रतिक्रिया करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा से भाजपा शासित राज्यों में “बदतर होती कानून-व्यवस्था की स्थिति” को देखने की अपील की.
भाजपा-शासित राज्यों में पनप रही अराजकता : तृणमूल
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तापस राय ने कहा : बंगाल के खिलाफ निराधार आरोप लगाते वक्त, भाजपा को भाजपा-शासित राज्यों में पनप रही अराजकता की स्थिति पर ध्यान देने की कोशिश करनी चाहिए.
उन राज्यों में अल्पसंख्यकों एवं दलितों को कैसे निशाना बनाया जा रहा है यह कोई राज नहीं है. मुर्शिदाबाद में स्कूल शिक्षक, उसकी पत्नी और नाबालिग बेटे की नृशंस हत्या ने गुरुवार को राजनीतिक रंग ले लिया था, जहां भाजपा तथा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने इस घटना को लेकर ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधा.
आरएसएस समर्थक था शिक्षक बंधु प्रकाश : दावा
वहीं आरएसएस ने दावा किया कि शिक्षक उसका समर्थक था. शिक्षक बंधु प्रकाश पाल (35), उनकी गर्भवती पत्नी ब्यूटी और आठ वर्षीय बेटे आंगन के शव मंगलवार को मुर्शिदाबाद के जियागंज में उनके घर में रक्तरंजित अवस्था में मिले थे.
उस समय दुर्गा पूजा चल रही थी. साथ ही भाजपा ने आरोप लगाया कि दक्षिण 24 परगना जिले में उसका एक कार्यकर्ता गुरुवार को घायल हो गया था जब तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” बोलने पर उस पर हमला कर दिया. तृणमूल कांग्रेस ने इस आरोप से इनकार किया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola