मालतीपुर सरकारी अस्पताल से नवजात बच्चा चोरी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 26 Jan 2017 7:23 AM

विज्ञापन

मालदा. मंगलवार शाम चांचल थाने के मालतीपुर स्वास्थ्य केंद्र से एक नवजात कन्या शिशु के लापता हो जाने से सनसनी फैल गयी. घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शिशु का कोई अता-पता नहीं मिल पाया है. इसे लेकर बुधवार सुबह से ही चांचल महकमा के बीएमओएच तन्मय साठियार के क्वार्टर के सामने […]

विज्ञापन
मालदा. मंगलवार शाम चांचल थाने के मालतीपुर स्वास्थ्य केंद्र से एक नवजात कन्या शिशु के लापता हो जाने से सनसनी फैल गयी. घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शिशु का कोई अता-पता नहीं मिल पाया है. इसे लेकर बुधवार सुबह से ही चांचल महकमा के बीएमओएच तन्मय साठियार के क्वार्टर के सामने नवजात के परिवार और रिश्तेदारों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. सुबह आठ बजे से लेकर 10 बजे तक यह विरोध प्रदर्शन चला. बाद में चांचल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया.

इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने कई तरह के आरोप लगाये हैं. उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है. रात में रोशनी का भी इंतजाम नहीं है. रात में अस्पताल परिसर में घना अंधेरा छाया रहता है. इसके अलावा चिकित्सा सुविधाओं का भी बुरा हाल है.

मंगलवार भोर में प्रसव पीड़ा से गुजर रही चांचल के गौरीपुर गांव की निवासी मंजिरा बीबी (26) को मालतीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. सुबह उसे स्वाभाविक प्रसव हुआ और उसने एक कन्या शिशु को जन्म दिया. पिता हमीदुल इसलाम ने बताया कि जन्म के समय शिशु का वजन 2.8 किलो था और वह पूरी तरह स्वस्थ था. चांचल थाने के सिविक वालंटियर हमीदुल इसलाम ने बताया कि शाम चार बजे तक मैं अस्पताल में ही था. रात में ड्यूटी होने की वजह से इसके बाद मैं चला गया. शाम करीब साढ़े पांच बजे मोबाइल पर खबर मिली कि मेरी बच्ची लापता हो गयी है. उस समय मैं ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार हो रहा था. लेकिन खबर मिलने के बाद मैं भागकर मालतीपुर अस्पताल पहुंचा. काफी खोज-बीन करने के बाद भी जब शिशु का कुछ पता नहीं चला, तो मंगलवार रात करीब आठ बजे मैं ने चांचल थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी.

बुधवार सुबह बीएमओएच आवास के सामने प्रदर्शन कर रहे परिवार के लेागों ने कहा कि मंगलवार शाम से ही बच्चा गायब है और पुलिस अब तक कुछ पता नहीं लगा पायी है. बीएमओएच भी इस बारे में कुछ बता नहीं पा रहे हैं. विक्षोभ की खबर पाकर मालतीपुर ग्राम पंचायत के कांग्रेस के प्रधान छोटेलाल मुनिया वहां पहुंचे. प्रधान के फोन करने के बाद चांचल थाने की पुलिस बीएमओएच के आवास पर पहुंची. पुलिस के आश्वासन के बाद परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने विक्षोभ प्रदर्शन बंद किया.

इधर नवजात की मां मंजिरा बीबी तो स्वस्थ है, लेकिन बच्चा लापता होने से वह टूट गयी है. प्रसूता की मां बुधू बेवा ने बताया कि सुबह से ही अस्पताल में एक करीब 45 वर्षीय महिला इधर-उधर घूम-फिर रही थी. एक-दो उस महिला ने मेरी नातिन को गोद में भी उठाया था. शाम को वह महिला फिर आयी. तब मेरी बेटी सो रही थी. मेरी भी नींद लग गयी थी. अचानक आंख खुली तो देखा कि नातिन बेड पर नहीं है. दौड़कर बाहर देखा तो वह महिला कहीं नहीं मिली. इसके बाद सभी को खबर दी.

चांचल के बीएमओएच तन्मय साठियार ने कहा कि हमारे पास कर्मचारियों की कमी है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है. अनजान व्यक्ति को परिवार के लोगों ने बच्चा क्यों दिया, यह हमारे लिए बड़ा सवाल है. पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गयी है. अस्पताल की ओर से भी चांचल थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है. वहीं पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष ने घटना के संबंध में कहा कि चांचल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola