पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग का नोडल अधिकारी लापता
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Apr 2019 10:47 PM
कृष्णानगर : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के राणाघाट संसदीय क्षेत्र के कृष्णानगर में तैनात ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रभारी तथा निर्वाचन आयोग के नोडल अधिकारी पिछले 24 घंटे से लापता हैं. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. नदिया के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अर्नब राय (30) नामक अधिकारी चुनाव […]
कृष्णानगर : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के राणाघाट संसदीय क्षेत्र के कृष्णानगर में तैनात ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रभारी तथा निर्वाचन आयोग के नोडल अधिकारी पिछले 24 घंटे से लापता हैं. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी.
नदिया के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अर्नब राय (30) नामक अधिकारी चुनाव ड्यूटी के लिए अपने सरकारी आवास से गुरुवार की सुबह बिप्रदास चौधरी पॉलिटेक्निक काॅलेज के लिए निकले, लेकिन दोपहर बाद से उन्हें नहीं देखा गया. अधिकारी ने बताया कि अर्नब का वाहन हालांकि काॅलेज के बाहर पार्क किया हुआ पाया गया. पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग के विशेष पर्यवेक्षक अजय नाइक ने पत्रकारों को बताया, मुझे बताया गया कि उनके बारे में कुछ पता नहीं चल रहा. लेकिन, मुझे लगता है कि उनके लापता होने का उनकी निजी जिंदगी से कुछ लेना-देना है. नादिया पुलिस के सूत्रों ने बताया कि उनके दोनों मोबाइल फोन बंद हैं और उनकी अंतिम लोकेशन शांतिपुर के निकट मिली है.
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, शांतिपुर के बाद उनके लोकेशन का पता नहीं चल सका है, क्योंकि वहां से उनका फोन बंद आ रहा है. इस वजह से उनका पता लगाने में हमें मुश्किल आ रही है. प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि राय का नदिया के जिला मजिस्ट्रेट सुमित गुप्ता के साथ कुछ दिन पहले कथित रूप से चुनाव के सिलसिले में कुछ तैनातियों को लेकर विवाद हुआ था. गुप्ता से जब इस संबंध में संपर्क किया गया तो उन्होंने राय के साथ किसी प्रकार का झगड़ा होने से इनकार किया. गुप्ता ने बताया, जिस किसी ने आपको यह सूचना दी है उसने झूठी जानकारी दी है. हमारे बीच कुछ नहीं हुआ था. हमने उनकी तलाश के लिए पहल की है.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि तलाश अभियान के असफल होने के बाद जिला प्रशासन ने कृष्णानगर कोतवाली में शिकायत दर्ज करायी है. राय की पत्नी ने भी शिकायत दर्ज करायी है. निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि राय के लापता होने के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट से रिपोर्ट तलब की गयी है. उनकी जगह नये अधिकारी को तत्काल प्रभाव से उनका प्रभार सौंप दिया गया है. राणाघाट संसदीय क्षेत्र को तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है और वहां चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










