"विदेश से आने वाले पैसे से क्यों डर रही सरकार.." अखिलेश यादव ने FCRA-परिसीमन बिल पर BJP को घेरा
अखिलेश यादव
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने FCRA और परिसीमन विधेयकों पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने सरकार पर विपक्ष के सवालों से बचने और संस्थाओं पर नियंत्रण करने का आरोप लगाया है.
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने FCRA और परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी दोनों विधेयकों का विरोध कर रही है. अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के सवालों से बच रही है और संस्थाओं पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता जनप्रतिनिधियों को सरकार से सवाल पूछने के लिए चुनती है और विपक्ष की जिम्मेदारी भी यही है.
FCRA को लेकर सरकार से पूछा सवाल
FCRA विधेयक पर अखिलेश यादव ने सरकार से विदेश से आने वाले धन को लेकर सवाल किया. उन्होंने कहा कि अगर विदेश से पैसा अच्छे कामों के लिए भारत आ रहा है तो सरकार को इससे परेशानी क्यों है. उन्होंने सरकार से यह भी पूछा कि भारत का कितना पैसा विदेश गया है और उसे लेकर क्या कार्रवाई की गई. अखिलेश ने आरोप लगाया कि FCRA के जरिए लोगों को डराने का काम किया जाएगा. उन्होंने भाजपा पर संस्थाओं पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए उसे 'बहुत बड़ी भू-माफिया पार्टी' भी बताया.
परिसीमन और महिला आरक्षण पर भी सरकार को घेरा
परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर जारी गतिरोध पर भी सपा प्रमुख ने केंद्र से जवाब मांगा. उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को सवाल पूछने के लिए चुना है, इसलिए सरकार को सवालों का जवाब देना चाहिए. अखिलेश ने अयोध्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां आस्था के साथ भी बड़ा खिलवाड़ हुआ है. उन्होंने सरकार से अपने पुराने नारों और वादों को याद करने और FCRA विधेयक के प्रावधानों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की.
प्रयागराज के छात्रों का मुद्दा भी उठाया
अखिलेश यादव ने प्रयागराज में छात्रों पर दर्ज मुकदमों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले चलाए गए और कई छात्र अस्पताल पहुंचे. उनके मुताबिक, कई छात्रों के खिलाफ अब भी मुकदमे दर्ज हैं. अखिलेश ने दावा किया कि कुछ ऐसे छात्रों पर भी केस दर्ज किए गए, जो आंदोलन में शामिल नहीं थे.
ममता बनर्जी पर हमले की निंदा
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की गाड़ी पर हुए हमले को लेकर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने घटना को दुखद और निंदनीय बताया. अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र में किसी वरिष्ठ नेता के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर सरकार की ओर से ऐसा कराया जा रहा है तो यह और भी निंदनीय है. साथ ही उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है.
क्या है FCRA और परिसीमन विधेयक?
FCRA (Foreign Contribution Regulation Act) विदेशी स्रोतों से भारत में आने वाले चंदे और आर्थिक योगदान को नियंत्रित करता है. इसके तहत विदेशी धन प्राप्त करने वाले संगठनों और संस्थाओं के लिए नियम तय किए जाते हैं. वहीं परिसीमन का मतलब जनसंख्या के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करना है. परिसीमन से तय होता है कि चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं और सीटों का प्रतिनिधित्व किस तरह निर्धारित किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










