गोबर से बदली किस्मत, 71 वर्षीय पूर्व फॉरेस्ट रेंजर ने खड़ा किया लाखों का कारोबार
गोबर से बदली किस्मत
UP News: वन विभाग के पूर्व रेंजर आदित्य त्यागी ने देसी गाय के गोबर से सम्भरानी कप बनाकर एक अनोखा और सफल व्यवसाय शुरू किया है. उनके इस प्रयोग ने न केवल आय का स्रोत खोला है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार भी पैदा किया है.
UP News: सहारनपुर के महरवानी गांव में रहने वाले 71 वर्षीय आदित्य त्यागी ने गोबर को आय के मजबूत साधन में बदल दिया है. वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर रहे त्यागी ने सेवानिवृत्ति के बाद देसी गायों का पालन शुरू किया था. शुरुआत में दूध बेचने से आमदनी उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ी. तब उन्होंने गाय के गोबर से सम्भरानी कप बनाने का प्रयोग किया. आज यही प्रयोग उनके लिए कारोबार और स्थानीय स्तर पर रोजगार का भी माध्यम बन गया है.
प्राकृतिक सामग्री से तैयार कप
त्यागी के बनाए सम्भरानी कप में देसी गाय का गोबर, गूगल और लोबान मिलाया जाता है. इन कपों को जलाकर घरों में धूनी दी जाती है और सुगंध के लिए उपयोग किया जाता है. किसान का कहना है कि उसने कोयले वाले उत्पादों से अलग प्राकृतिक सामग्री पर आधारित विकल्प तैयार करने की कोशिश की है. उनके अनुसार, प्रत्येक उत्पाद तैयार करते समय गुणवत्ता और पारंपरिक धूनी की खुशबू, दोनों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाता है.
देशभर मे बढ़ी डिमांड
सम्भरानी कपों की बिक्री ने उनके कारोबार को नई पहचान दी है. आदित्य त्यागी के मुताबिक, एक कप में करीब 10 ग्राम गोबर लगता है और उसकी कीमत लगभग 10 रुपये रखी गई है. उनका दावा है कि तैयार उत्पाद थोक में करीब 90 रुपये और ऑनलाइन 220 रुपये तक बिकता है. अमेजन सहित कई डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देशभर से ऑर्डर आ रहे हैं. विशेष रूप से दक्षिण भारत के ग्राहकों से इस उत्पाद की मांग ज्यादा मिल रही है.
कारोबार के साथ रोजगार भी
इस वर्ष त्यागी ने करीब 20 हजार सम्भरानी कप तैयार किए हैं, जिनमें से एक महीने में 7 से 8 हजार कप बिकने का दावा किया गया है. उन्होंने उत्पादन और पैकिंग के काम में 5 से 7 लोगों को जोड़ा है. त्यागी का कहना है कि इस व्यवसाय से होने वाली आय उनकी नौकरी के दौरान मिलने वाले वेतन से अधिक है. उनका अनुभव पशुपालकों को गोबर के व्यावसायिक उपयोग की आज नई दिशा दिखा रहा है.
यह भी देखें : श्मशान जाने से पहले धड़की थी सांसें, नौ दिन की जंग के बाद शीला देवी की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










