गोरखपुर में CM योगी ने हाथ में तिरंगा लेकर निकाली यात्रा, साथ दिखे रवि किशन, UP में पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

Updated:
विज्ञापन

गोरखपुर से तिरंगा यात्रा

Tiranga Yatra: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया. यह यात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू हुई और देशभक्ति के नारों से गूंज उठी. सीएम ने 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने का आह्वान किया.

विज्ञापन

गोरखपुर: हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता के जयकारे और माहौल में देशभक्ति का जोश... गोरखपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा में यही नजारा देखने को मिला. रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और नागरिक तिरंगा लेकर शामिल हुए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया. तिरंगा यात्रा में CM योगी करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलते नजर आए. सीएम योगी के साथ साथ हाथों में तिरंगा लेकर हजारों युवा, महिलाएं और बुजुर्ग चल रहे थे. इस दौरान उन्होंने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और सम्मान के साथ घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की पहचान है.

पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है. उन्होंने लोगों से इस वर्ष भी अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की. सीएम योगी ने कहा कि, इस वर्ष देश में पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया.

काकोरी से चौरीचौरा तक वीरों के बलिदान को किया याद

सीएम योगी ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली. मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और गोरखपुर के बंधू सिंह समेत अनेक वीरों ने स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया. उन्होंने चौरीचौरा और काकोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां और राजेंद्रनाथ लाहिड़ी समेत अन्य क्रांतिकारियों के बलिदान को याद किया.

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

तिरंगा यात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क से टाउनहॉल, गोलघर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंची. यहां माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन हुआ. यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया. पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष गूंजते रहे.

यह भी पढ़ें: 5,200 में से चुना जाएगा सिर्फ एक, 11-12 अगस्त को अयोध्या में महा-इंटरव्यू, कौन बनेगा राम मंदिर का पहला CEO...


विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola