UP News : किसी भी छात्र को छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहने देंगे, बोले सीएम योगी

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 18 Oct 2025 11:10 AM

विज्ञापन

सीएम योगी आदित्यनाथ

UP News : दीपावली से पहले 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों को ₹300 करोड़ की छात्रवृत्ति दी गई. इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि किसी भी छात्र को छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहने देंगे.

विज्ञापन

UP News : दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने छात्रों को बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में 10 लाख 28 हजार 205 विद्यार्थियों को ₹300 करोड़ की छात्रवृत्ति राशि सीधे डीबीटी प्रणाली के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी। यह पहल न केवल राज्य सरकार की शिक्षा-सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि अब किसी भी पात्र छात्र को शिक्षा से वंचित नहीं रहना पड़ेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में शिक्षा ही आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बन रही है. पारदर्शिता ही सुशासन की पहचान है, और डीबीटी प्रणाली उसी का सशक्त उदाहरण है.”

छात्रवृत्ति अब दो चरणों में, लाभार्थियों की संख्या हुई छह गुना

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब छात्रवृत्ति वर्ष में दो चरणों—अक्टूबर और जनवरी—में दी जाएगी, ताकि छात्रों को समय पर सहायता मिल सके. उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 में जहां केवल 8.64 लाख विद्यार्थी छात्रवृत्ति से लाभान्वित होते थे, वहीं अब यह संख्या 62 लाख तक पहुंच गई है। अब तक 4 करोड़ 27 लाख से अधिक छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल चुका है. सीएम योगी ने कहा कि “पहले छात्रवृत्ति में भेदभाव और विलंब आम थे, लेकिन आज तकनीक आधारित डीबीटी से पात्र छात्रों के खाते में राशि सीधे पहुंच रही है। यह सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में ऐतिहासिक परिवर्तन है.”

विभिन्न वर्गों के छात्रों को मिला सीधा लाभ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न वर्गों के छात्रों को निम्नानुसार छात्रवृत्ति राशि वितरित की गई— अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग: 3.56 लाख छात्र, ₹114.92 करोड़ सामान्य वर्ग: 97 हजार छात्र, ₹29.18 करोड़ अन्य पिछड़ा वर्ग: 4.83 लाख छात्र, ₹126.69 करोड़ अल्पसंख्यक वर्ग: 90,758 छात्र, ₹27.16 करोड़ उन्होंने कहा कि डीबीटी प्रणाली से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है, जिससे छात्रवृत्ति वितरण तेज, पारदर्शी और निष्पक्ष हुआ है.

‘पढ़-लिखकर ही बनेगा स्वावलंबी भारत’—सीएम योगी का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि पढ़-लिखकर ही हम स्वावलंबी बन सकते हैं। हमारा भी यही संकल्प है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे.” सीएम ने छात्रों से आह्वान किया कि वे नियमित पढ़ाई करें, पुस्तकालयों की ओर झुकाव बढ़ाएं, नवाचार और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का हर प्रयास इस दिशा में है कि प्रदेश का हर बच्चा अपने सपनों की उड़ान भर सके.

शिक्षा-सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की नई पहलें

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य में शिक्षा-सशक्तिकरण की कई नई पहलें शुरू की गई हैं— अटल आवासीय विद्यालय: सभी 18 कमिश्नरी में श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षा, आवास और भोजन की सुविधा. आश्रम पद्धति विद्यालय: अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों के लिए उत्कृष्ट शिक्षा और निःशुल्क आवास. कस्तूरबा बालिका विद्यालय: गरीब और वंचित वर्ग की बालिकाओं को इंटरमीडिएट तक निःशुल्क शिक्षा. अभ्युदय कोचिंग योजना: प्रदेश के प्रत्येक जनपद में प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी की सुविधा.

सामाजिक सुरक्षा और गरीबी उन्मूलन में नई दिशा

सीएम योगी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 1 करोड़ 5 लाख परिवारों को ₹12,000 वार्षिक पेंशन डीबीटी के जरिए दी जा रही है. पहले ₹300 मासिक पेंशन छह महीने में मिलती थी, अब यह ₹1,000 प्रति माह कर दी गई है. इसके अलावा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अब तक 4 लाख से अधिक बेटियों के विवाह कराए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में 25 करोड़ भारतीय और 6 करोड़ से अधिक उत्तर प्रदेशवासी गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं.

मंच पर छात्रों को मिला सम्मान, सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच पर कुछ चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र प्रदान किया और उनके साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाया। सम्मानित छात्रों में सूर्यांश वर्मा, दिशा रावत, प्रगति सोनवानी, समीर शर्मा, अंशिका वर्मा, आकांक्षा शर्मा, ऋषभ देव मिश्रा, प्रशांत ओझा, फिरदौस अंसारी, रहनुमा शहाब, अमित कुमार और अनुज गोंड शामिल रहे.

छात्रों ने जताया आभार

छात्रा अंशिका वर्मा ने कहा, “यह छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि हमारे आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला कदम है। मुख्यमंत्री जी ने हमारे भविष्य के लिए जो संवेदनशील पहल की है, उसके लिए मैं आभारी हूं.” वहीं ऋषभ देव मिश्रा ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी जी से छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करना मेरे लिए गर्व का क्षण है. इस सहयोग से मुझे अपनी पढ़ाई और मेहनत जारी रखने की प्रेरणा मिली है.”

कार्यक्रम में उपस्थित रहे प्रमुख गणमान्य

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहम्मद दानिश आजाद अंसारी, अपर मुख्य सचिव एल. वेंकटेश्वर लू, प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा, संयुक्ता समद्दार और अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत मौजूद रहे.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola