संतकबीरनगर में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- पहले दंगे-कर्फ्यू और गुंडागर्दी से त्रस्त था यूपी, अब विकास की रफ्तार तेज

Updated:
विज्ञापन

सीएम योगी आदित्यनाथ

CM Yogi in Sant Kabir Nagar: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतकबीरनगर में पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता और भय का माहौल था. अब बिना भेदभाव विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है. सीएम योगी ने आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.

विज्ञापन

CM Yogi in Sant Kabir Nagar: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतकबीरनगर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बाढ़, बीमारी, दंगे, कर्फ्यू और गुंडागर्दी से आम जनता परेशान रहती थी. गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सिफारिश की जरूरत पड़ती थी. आज स्थिति बदल गई है और प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है.

त्योहारों के माहौल का जिक्र कर बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पहले त्योहारों के दौरान लोगों को डर के माहौल में रहना पड़ता था. उन्होंने कहा, 'त्योहारों के समय पहले क्या हाल था', इसे याद करिए योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कोई गुंडा बेटी के साथ छेड़छाड़ करने की हिम्मत नहीं कर सकता और अपराध करने वालों को सजा मिल रही है.

95 हजार गरीब परिवारों को आवास का दावा

सीएम योगी ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि संतकबीरनगर में करीब 95 हजार गरीब परिवारों को आवास की सुविधा मिली है. वहीं करीब तीन लाख परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए हैं. उन्होंने कहा कि गरीबों को अब किसी सिफारिश के बिना सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है. योगी ने कहा कि आज राशन से लेकर आवास और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को बिना भेदभाव दिया जा रहा है. उन्होंने इसे केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया.

पूर्वांचल में मेडिकल कॉलेजों की लंबी श्रृंखला: योगी

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बीमारी के कारण गरीबों के बच्चों की मौत हो जाती थी, लेकिन अब पूर्वांचल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है. उन्होंने गोरखपुर एम्स और मेडिकल कॉलेज के साथ आसपास के कई जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले जाने का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, अंबेडकरनगर, अयोध्या, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र और मिर्जापुर समेत कई जिलों में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार हुआ है.

युवाओं को रोजगार मिलने का दावा

योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में रोजगार के अवसरों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि गीडा में हजारों युवाओं को रोजगार मिला है और इसमें संतकबीरनगर के युवाओं को भी अवसर मिले हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये विकास की गति को बढ़ाने का माध्यम हैं. बेहतर सड़कें होने से व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और विकास की रफ्तार तेज होती है.

राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के कामकाज को लेकर प्रोपेगेंडा कर रहा है, लेकिन आंकड़े सरकार के काम की तस्वीर सामने रखते हैं. योगी ने आईआईटी, आईआईएम, एम्स, मेडिकल कॉलेज, मेडिकल सीटों, रोजगार और स्टार्टअप की संख्या में बढ़ोतरी का दावा किया. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में सात एम्स थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 23 हो गई है. इसी तरह मेडिकल कॉलेज और एमबीबीएस की सीटों में भी वृद्धि हुई है.

स्टार्टअप और रोजगार के आंकड़े गिनाए

सीएम योगी ने कहा कि 2014 से पहले देश में स्टार्टअप की संख्या 500 से भी कम थी, जबकि अब यह संख्या दो लाख से अधिक हो गई है. उन्होंने कहा कि देश में स्टार्टअप का नया इकोसिस्टम तैयार हुआ है और यूनिकॉर्न की संख्या में भी बड़ी वृद्धि हुई है. उन्होंने रोजगार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे कौशल विकास से जोड़ना जरूरी है.

'युवा को रोजगार चाहिए तो स्किलिंग जरूरी'

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की बड़ी युवा आबादी को रोजगार देने के लिए युवाओं का कौशल विकास जरूरी है. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत साफ हो तो विकास के काम जमीन पर दिखाई देते हैं. सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उद्देश्य प्रदेश को विकास की नई गति देना है.

यह भी पढ़ें: रवि किशन के ‘मौन व्रत’ पर CM योगी की चुटकी, दावत का जिक्र कर मंच से पूछ लिया ऐसा सवाल… सब रह गए हैरान


विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola