रवि किशन के ‘मौन व्रत’ पर CM योगी की चुटकी, दावत का जिक्र कर मंच से पूछ लिया ऐसा सवाल… सब रह गए हैरान
रवि किशन के ‘मौन व्रत’ पर CM योगी की चुटकी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के एक कार्यक्रम में सांसद रवि किशन के 'मौन व्रत' को लेकर मजाकिया अंदाज में चुटकी ली. उन्होंने रवि किशन की दावत और फिल्मों का भी जिक्र किया, जिससे पूरे कार्यक्रम में हंसी का माहौल बन गया. यह चुटकी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.
UP News:मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हों और माहौल में हल्की-फुल्की चुटकी न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है. गोरखपुर के एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने अपने ही सांसद रवि किशन के ‘मौन व्रत’ को लेकर मजाकिया अंदाज में चुटकी ली. उन्होंने सांसद के भाषण न देने से लेकर उनकी दावत और फिल्मों तक का जिक्र किया, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया.
‘आज पता नहीं क्यों भाषण नहीं किए’
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान सीएम योगी ने रवि किशन के मौन रहने पर कहा कि सांसद आज पता नहीं क्यों भाषण नहीं किए. इसके बाद उन्होंने रवि किशन के जन्मदिन और उनके यहां हुई दावत का जिक्र करते हुए वहां मौजूद लोगों से हल्के-फुल्के अंदाज में सवाल किया. मुख्यमंत्री ने कहा, “लगता है आप लोगों को उन्होंने दावत में ज्यादा दे दिया है.” इसके बाद उन्होंने लोगों से पूछा कि दावत में कितने लोग गए थे.
फिल्मों का भी किया जिक्र
सीएम योगी यहीं नहीं रुके. उन्होंने रवि किशन की फिल्मों का भी जिक्र कर दिया. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे रवि किशन की फिल्में देखते हैं और उनकी फिल्में अच्छी लगती हैं या कालीबाड़ी के बाबा की? मुख्यमंत्री के इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया.
‘मौन व्रत’ को लेकर पहले भी हुई थी चर्चा
रवि किशन के ‘मौन व्रत’ को लेकर पहले भी चर्चा हो चुकी है. संसद सत्र के दौरान उन्होंने बाहर बोलते हुए मौन व्रत की बात कही थी. अब गोरखपुर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसी बात को लेकर मंच से इशारे-इशारे में सांसद की चुटकी ले ली. सीएम योगी की इस टिप्पणी का वीडियो अब चर्चा में है.
सावन शिवरात्रि की दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को सावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं. यह कार्यक्रम एक सड़क परियोजना की सौगात देने के दौरान आयोजित किया गया था. सीएम योगी के हल्के-फुल्के अंदाज और रवि किशन को लेकर की गई इस टिप्पणी का वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











