पीलीभीत में जिन मासूमों की हंसी से गूंज रहा था स्कूल, उन्हीं 25 बच्चों के सिर पर अचानक गिर पड़ा टीनशेड, मची चीख-पुकार
स्कूल में बच्चों पर गिरा टीनशेड
पीलीभीत के अमृता खास में एक स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहाँ बच्चों की पढ़ाई के बीच अचानक टीनशेड गिर गया. इस हादसे में 20 से 25 बच्चे घायल हुए हैं. स्कूल की मान्यता को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं.
UP News : जिस स्कूल में बच्चे पढ़ने और अपने सपनों को उड़ान देने पहुंचे थे, वहां मंगलवार सुबह अचानक चीख-पुकार मच गई. पीलीभीत के बीसलपुर इलाके के अमृता खास में लकड़ी की बल्लियों पर टिका स्कूल का टीनशेड अचानक भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में करीब 20 से 25 बच्चे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अचानक बच्चों के ऊपर गिरा टीनशेड
मामला बीसलपुर के अमृता खास का है. मंगलवार सुबह स्कूल में बच्चे अपनी पढ़ाई में जुटे थे. इसी दौरान लकड़ी की बल्लियों पर टिका टीनशेड अचानक नीचे आ गिरा. देखते ही देखते स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई. हादसे में 20 से 25 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं. बच्चों के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रशासन ने एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन मौके से फरार
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. आरोप है कि हादसा होते ही स्कूल प्रबंधन मौके से भाग गया. वहीं, प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. इस हादसे ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
कक्षा 5 तक मान्यता, चल रही थीं 8वीं तक की कक्षाएं
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी सवालों के घेरे में है. जानकारी के मुताबिक, स्कूल को सिर्फ कक्षा 5 तक की मान्यता मिली हुई थी, लेकिन यहां कथित तौर पर 8वीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं. यानी जिस स्कूल के पास पांचवीं तक पढ़ाने की मान्यता थी, वहां आठवीं तक के बच्चों की कक्षाएं चल रही थीं. इस बात के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं.
शिक्षा विभाग पर भी उठे सवाल
घटना के बाद आरोप लग रहे हैं कि खंड शिक्षा अधिकारी की नाक के नीचे यह फर्जीवाड़ा चल रहा था और बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब स्कूल को केवल कक्षा 5 तक की मान्यता मिली थी तो वहां 8वीं तक की कक्षाएं कैसे संचालित हो रही थीं? आखिर इस पूरे मामले की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं थी? फिलहाल हादसे में घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











