'कहां गया PDA का प्यार', झारखंड में छात्रों पर लाठी चली तो खामोश क्यों, राजभर ने अखिलेश को आड़े हाथों लिया
राजभर ने अखिलेश को दी झारखंड जाने की दी सलाह
UP Politics: सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अखिलेश यादव पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीतिक सुविधा के हिसाब से रुख तय करने का आरोप लगाया है.
UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव से झारखंड जाने को कहा और तंज कसते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी नेता छात्रों के मुद्दे पर राजनीतिक सुविधा के हिसाब से रुख तय करते हैं.
‘झारखंड जाकर छात्रों के हितैषी होने के झूठे आंसू बहा आइये’
राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि वह झारखंड जा रहे हैं या नहीं. उन्होंने कहा कि अखिलेश चार्टर विमान से यात्रा करते हैं और लखनऊ से करीब डेढ़ घंटे तथा दिल्ली से लगभग दो घंटे में झारखंड पहुंच सकते हैं. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश वहां जाकर छात्रों के लिए थोड़े ‘झूठे आंसू’ बहा आएं, ताकि लोगों को लगे कि वह वास्तव में छात्रों के हितैषी हैं.
‘बीजेपी की सरकार होती तो जरूर जाते’
ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि अगर झारखंड में बीजेपी की सरकार होती तो अखिलेश यादव अब तक वहां एक-दो चक्कर लगा चुके होते. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह भी छात्रों के बीच जाकर उनके साथ खड़े होने की बात कहते. राजभर ने आरोप लगाया कि झारखंड के छात्रों के साथ इसलिए भेदभाव किया जा रहा है क्योंकि वहां बीजेपी की सरकार नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर वहां बीजेपी की सरकार होती तो विपक्षी सांसद छात्रों के बीच जाकर रील बनवाते नजर आते.
PDA को लेकर भी साधा निशाना
राजभर ने अखिलेश यादव के ‘PDA’ का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि झारखंड में लाठी खा रहे छात्र उसी PDA समाज से हैं, जिसके नाम पर समाजवादी पार्टी पिछले दो साल से राजनीति कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा विपक्ष झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर खामोश है. राजभर ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों ने उनके ‘चरित्र’ को समझ लिया है और जनता न्याय करेगी. पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव, जय बिरसा मुंडा’ लिखा.
Must Read- आसमान में मंडराते रहे प्लेन, जमीन पर मच गया हड़कंप, अचानक 'लॉकdown' हुआ वाराणसी का रनवे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










