राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद बदला पूरा सिस्टम, अब ऐसे होगी कर्मचारियों की एंट्री-एग्जिट की निगरानी

Updated:
विज्ञापन

राम मंदिर में कर्मचारियों की निगरानी

अयोध्या राम मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. चढ़ावा चोरी की घटना के बाद अब कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए फेस रीडिंग तकनीक लागू की गई है. इससे मंदिर परिसर में तैनात करीब 1000 कर्मचारियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है.

विज्ञापन

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद मंदिर और उससे जुड़े परिसरों में तैनात कर्मचारियों को लेकर निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी गई है. अब कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए फेस रीडिंग की व्यवस्था लागू की गई है. ड्यूटी पर आने और काम पूरा करने के बाद बाहर निकलते समय भी कर्मचारियों की निगरानी की जा रही है. देरी से पहुंचने या ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा रहा है.

विज्ञापन

प्रवेश से निकास तक कर्मचारियों पर नजर

राम मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की गतिविधियों और उपस्थिति पर नजर रखने के लिए कैमरों के साथ फेस रीडिंग की व्यवस्था की गई है. कर्मचारी जब ड्यूटी के लिए पहुंचते हैं तो उनकी फेस रीडिंग की जाती है. ड्यूटी पूरी करने के बाद परिसर से बाहर निकलते समय भी इसी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. इसके साथ ही कर्मचारियों के आने-जाने का समय रजिस्टर में भी दर्ज किया जा रहा है.

इन परिसरों में भी लगाए गए कैमरे

निगरानी व्यवस्था केवल राम मंदिर परिसर तक सीमित नहीं है. रामघाट कार्यशाला, तीर्थ यात्री सेवा केंद्र, तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र और रामनिवास में भी कैमरे लगाए गए हैं. इनके माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. फेस रीडिंग और रजिस्टर में दर्ज समय के आधार पर कर्मचारियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है.

देरी और गैरहाजिरी पर नोटिस

ड्यूटी से गायब रहने या लगातार देरी से पहुंचने वाले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जा रही है. ऐसे कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है. जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. इस व्यवस्था के जरिए ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है.

राम मंदिर में करीब 1,000 कर्मचारी दे रहे सेवा

राम मंदिर परिसर और उससे जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं में करीब 1,000 कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं. इनमें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से करीब 300 कर्मचारी तैनात हैं. ये कर्मचारी तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र, तीर्थ क्षेत्र पुरम और यात्री निवास समेत अन्य व्यवस्थाओं में सेवाएं दे रहे हैं. इसके अलावा एसआईएस के 300 से अधिक सुरक्षा कर्मी भी तैनात हैं. वहीं, सेना के 35 से अधिक सेवानिवृत्त जवान भी राम मंदिर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. चढ़ावा चोरी की घटना के बाद कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी को लेकर निगरानी व्यवस्था को पहले से अधिक व्यवस्थित किया गया है.

Also Read: लखनऊ से उन्नाव तक छात्रों के प्रदर्शन का असर, योगी सरकार के सख्त निर्देश, लापरवाह अफसरों पर होगी कार्रवाई


विज्ञापन
अंजली कश्यप

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola