ePaper

UP News: सीएम योगी ने बद्रीनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन, भारत-चीन बॉर्डर पर पहुंचे, ITBP के जवानों से मिले

Updated at : 08 Oct 2023 9:20 AM (IST)
विज्ञापन
UP News: सीएम योगी ने बद्रीनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन, भारत-चीन बॉर्डर पर पहुंचे, ITBP के जवानों से मिले

सीएम योगी आदित्यनाथ तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैं. इस दौरान वह देश के प्रथम गांव माणा भी पहुंचे. भारत-चीन बॉर्डर पर पहुंचकर उन्होंने आईटीबीपी के जवानों से मिलकर हौसला बढ़ाया.

विज्ञापन

लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन पवित्र बद्रीनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया. वह देर शाम बद्रीनाथ धाम की शयन आरती में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने यहां विधि विधान से दर्शन पूजन करने के साथ ही उत्तर प्रदेश के निवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की. इससे पहले उन्होंने भारत के प्रथम गांव में माणा का भी दौरा किया. इसके अलावा वह 13,200 फीट की ऊंचाई पर चीन बॉर्डर के पास घस्तौली चौकी भी गये. जहां तैनात आईटीबीपी के जवानों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया और कुशलक्षेम पूछा.

सीएम योगी आदित्यनाथ मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में शामिल होने शुक्रवार से ही उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. शनिवार को सीएम ने यहां टिहरी के नरेंद्र नगर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में हिस्सा लिया. उसके बाद उन्होंने उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों का दौरा किया. सीएम योगी ने मां अलखनंदा की जलधारा को स्पर्श-नमन करते हुए उसका आचमन किया. वहीं उन्होंने बद्रीनाथ धाम में बन रहे उत्तर प्रदेश स्टेट गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया. सीएम योगी ने यहां निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. मुख्यमंत्री रविवार को रुद्रप्रयाग जिले में स्थित पवित्र केदारनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिये जाने की संभावना है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद एक्स पर मंदिर के सामने अपनी फोटो भी जारी की है. उन्होंने लिखा है कि ‘जय जय बदरीविशाल’.


मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल हुए सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ टिहरी के नरेंद्र नगर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 24वीं बैठक में शामिल हुए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सदस्य राज्य उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू बैठक में शामिल हुए. बैठक में गृह मंत्री अमित शाह के आह्वान पर मध्य क्षेत्रीय परिषद ने एशियाई खेलों में भारत द्वारा पहली बार 100 से अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने के लिए सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर की गयी.

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्रीय परिषदों की भूमिका सलाहकार से बदलकर ‘एक्शन प्लेटफॉर्म’ के रूप में कारगर साबित हुई है. मध्‍य क्षेत्रीय परिषद में शा‍मिल मध्‍य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्‍तीसगढ़ राज्‍यों का देश के जीडीपी और विकास में बहुत बड़ा योगदान है. परिषद में शामिल राज्‍य देश में कृषि, पशुपालन, अनाज उत्पादन, खनन, जलापूर्ति और पर्यटन का प्रमुख केंद्र हैं. इन राज्यों के बिना जलापूर्ति की कल्पना ही नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्‍यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीम इंडिया के कांसेप्ट को जमीन पर उतारा है.

बैठक में पांच किमी के दायरे में हर गांव तक बैंकिंग सुविधा, देश में दो लाख नई प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (पीएसीएस) के गठन, रॉयल्टी और खनन संबंधित मुद्दों, किसन क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य और वामपंथी उग्रवाद-प्रभावित जिलों में बुनियादी सुविधाओं के निर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान सहकारिता, स्कूली बच्चों की ड्रॉप आउट दर और कुपोषण जैसे मुद्दों पर विशेष तौर पर चर्चा हुई.

बता दें कि 2004 से 2014 तक क्षेत्रीय परिषदों की 11 और स्थायी समितियों की 14 बैठकें हुईं, जबकि 2014 से 2023 तक क्षेत्रीय परिषदों की 25 और स्थायी समितियों की 29 बैठकें हुईं हैं. इसके अलावा 2004 से 2014 के बीच कुल 570 मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें से 448 को सुलझा लिया गया, जबकि 2014 से 2023 के बीच कुल 1315 मुद्दों पर चर्चा हुई जिनमें से 1157 मुद्दों को सुलझा लिया गया. बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा, अपर मुख्य सचिव जितेंद्र कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद के साथ ही केंद्रीय गृह सचिव, अंतर राज्य परिषद सचिवालय की सचिव आदि मौजूद थे.

Also Read: Indian Air Force Day 2023: आज भारतीय वायु सेना दिवस पर घूम आएं भारतीय वायु सेना संग्रहायल

विज्ञापन
Amit Yadav

लेखक के बारे में

By Amit Yadav

UP Head (Asst. Editor)

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola