कांग्रेस ने भारत को उम्मीदों वाला देश बनने नहीं दिया : अमित शाह

Updated at : 13 Aug 2016 5:05 PM (IST)
विज्ञापन
कांग्रेस ने भारत को उम्मीदों वाला देश बनने नहीं दिया : अमित शाह

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि स्वाधीनता के 70 साल में से 60 बरस देश पर शासन करने वाली ‘एक परिवार की सरकार’ भारत की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले करोड़ो बलिदानियों की उम्मीदों वाला देश बनाने में नाकाम […]

विज्ञापन

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि स्वाधीनता के 70 साल में से 60 बरस देश पर शासन करने वाली ‘एक परिवार की सरकार’ भारत की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले करोड़ो बलिदानियों की उम्मीदों वाला देश बनाने में नाकाम रही.

शाह ने लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में तिरंगा यात्रा की शुरुआत के मौके पर कहा कि जिन लोगों ने आजादी के लिए बलिदान दिया, उनकी सोच थी कि यह देश गुलामी की जंजीरों से मुक्त होकर दुनिया में एक मुकाम हासिल करे और मुल्क के गरीब से गरीब व्यक्ति के घर में रोटी, बिजली और पानी पहुंचे.
उन्होंने कहा ‘‘देश की आजादी के 70 साल होने को हैं और उनमें से 60 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, एक परिवार की सरकार रही. आज मैं उत्तर प्रदेश में खडा हूं. देश के हर घर में बिजली नहीं पहुंची, हर युवा को रोजगार नहीं मिला, मरीजों तक दवाई नहीं पहुंची, किसानों तक पानी नहीं पहुंचा. क्या इसी दिन के लिए आजाद, बिस्मिल, लाहिडी और अन्य शहीदों ने बलिदान दिया था.’ शाह ने कहा ‘‘उत्तर प्रदेश के विकास के बगैर देश का विकास नहीं होगा.

बताइये, क्या सपा और बसपा की सरकारों के रहते प्रदेश का विकास हो सकता है, क्या बुलंदशहर और जवाहरबाग जैसी घटनाएं रुक सकती हैं, क्या उद्योग लग सकते हैं, क्या हर खेत में पानी पहुंच सकता है, क्या किसानों को आपदा पर सहायता मिल सकती है, क्या कानून-व्यवस्था ठीक हो सकती है. अब आप ही तय कर लीजिये, यह बहुत पवित्र मौका है.’ उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का पूरा श्रेय उत्तर प्रदेश को जाता है, लेकिन अभी काम अधूरा है. प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनानी होगी.

सपा और बसपा तो अपनी-अपनी पसंद की जाति विशेष का विकास करती हैं. उत्तर प्रदेश का विकास भाजपा ही कर सकती है, क्योंकि उसके नेता का नारा ‘सबका साथ, सबका विकास’ है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा ‘‘उत्तर प्रदेश में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, महाराष्ट्र की तरह गांव-गांव विकास पहुंचाना है और रोजी-रोटी की खातिर दूसरे राज्यों में गये लोगों को वापस लाना है तो यहां भाजपा की सरकार बनानी होगी.

हम शहीदों के स्मारक के पास खड़े हैं. आप यहां संकल्प करें कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन करके भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेंगे.’ उन्होंने कहा कि आजादी हासिल करने के लिए जिन वीर सपूतों ने बलिदान दिया, उनको स्मरण करने में कहीं ना कहीं चूक हो रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे महसूस करते हुए इस बार भाजपा और पूरी सरकार से कहा कि सभी शहीदों के स्मारकों पर श्रद्धांजलि देकर खुद को देश के प्रति समर्पित करें. भाजपा कार्यकर्ता और विधायक तिरंगा यात्रा ले जाकर देशभक्ति का नया जज्बा जगाने का काम करेंगे.

शाह ने कहा कि कहने को तो काकोरी की घटना अंग्रेजों के लिए एक लूट मात्र थी, लेकिन हम सबको मालूम है कि इसमें देश को लूटने वाले अंग्रेजों के खजाने को स्वतंत्रता के लिये लूटा गया था. अपनी ताकत पर गुरुर करने वाले अंग्रेजों की सरकार को युवाओं ने हिलाकर रख दिया था.
उन्होंने कहा कि हमारे पास देश की आजादी के लिए जान देने वालों का कर्ज चुकाने मौका है. हम तय कर लें कि बाकी का जीवन देश के लिये जियेंगे. इसलिए भाजपा ने पूरे देश में तिरंगा यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola