रामविलास पासवान की जयंती पर भावुक हुए चिराग, बोले- पिता के अधूरे संकल्प पूरे करने में आपका साथ चाहिए
लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते चिराग, रामविलास पासवान की प्रतिमा पर किया पुष्प अर्पित
Ram vilas Paswan Birth Anniversary: लखनऊ में पिता रामविलास पासवान की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि पिता के अधूरे संकल्पों को पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं का साथ चाहिए. इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर समाज को बांटने की राजनीति करने का भी आरोप लगाया.
Ram vilas Paswan Birth Anniversary: रामविलास पासवान की जयंती पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान शामिल हुए. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे.
आपके शहर में
दोपहर करीब एक बजे जैसे ही चिराग पासवान कार्यक्रम स्थल पहुंचे, समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया. ‘धरती गूंजे, आसमान… भाई चिराग पासवान’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. चिराग ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया.
पिता को याद कर हुए भावुक
मंच से संबोधित करते हुए चिराग पासवान भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि आज भी उनके पिता की बातें और सीख उनके मन में ताजा हैं. उन्होंने कहा कि पिता का हाथ पकड़कर राजनीति और समाज सेवा की जो सीख मिली, वही आज उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. उन्होंने कहा कि मेरे पिता के जो भी सपने और संकल्प थे, उन्हें पूरा करने के लिए आप सभी का साथ चाहिए.
रामविलास पासवान के संघर्ष को किया याद
कार्यक्रम में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और जमुई सांसद अरुण भारती ने भी रामविलास पासवान को याद किया. उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने हमेशा गरीबों, पिछड़ों, मजदूरों और किसानों की आवाज बुलंद की. उनकी राजनीति समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रही.
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने संबोधन में चिराग पासवान ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि इन दलों ने हमेशा समाज को बांटने की राजनीति की. भाई को भाई से लड़ाने का काम किया. जबकि उनकी पार्टी समाज को जोड़ने और सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मोबाइल फोन को लेकर पिता के विजन का किया जिक्र
चिराग पासवान ने कहा कि जब देश में मोबाइल फोन आम लोगों की पहुंच से दूर था, तब उनके पिता ने सपना देखा था कि एक दिन हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल होगा. उन्होंने कहा कि आज वह सपना सच हो चुका है. अब गांव, शहर, रिक्शा चालक और ठेला लगाने वाले तक मोबाइल फोन पहुंच चुका है.
कार्यकर्ताओं से मांगा सहयोग
अपने संबोधन के अंत में चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और रामविलास पासवान के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास की राजनीति करना है.
Also Read: भरत तिवारी के गांव पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, बोले- एनकाउंटर गलत था, CM को बताऊंगा पूरी बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए