चिन्मयानंद से पूछताछ के लिए हरिद्वार स्थित आश्रम गयी पुलिस लौटी खाली हाथ
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 03 Sep 2019 5:38 PM
शाहजहांपुर (उप्र) : स्वामी चिन्मयानंद से पूछताछ करने गयी पुलिस टीम उनके हरिद्वार आश्रम से वापस लौट आयी है, क्योंकि टीम को चिन्मयानंद वहां नहीं मिले. पुलिस अधीक्षक (नगर) दिनेश त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज करायी गयी रिपोर्ट के क्रम में एक टीम उनसे पूछताछ […]
शाहजहांपुर (उप्र) : स्वामी चिन्मयानंद से पूछताछ करने गयी पुलिस टीम उनके हरिद्वार आश्रम से वापस लौट आयी है, क्योंकि टीम को चिन्मयानंद वहां नहीं मिले. पुलिस अधीक्षक (नगर) दिनेश त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज करायी गयी रिपोर्ट के क्रम में एक टीम उनसे पूछताछ के लिए उनके हरिद्वार आश्रम भेजी गयी थी. वहां वह नहीं मिले. टीम सोमवार को वापस लौट आयी.
इसे भी देखें : स्वामी चिन्मयानंद मामले में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, शुक्रवार को सुनवाई
उन्होंने बताया कि लड़की के परिजन दिल्ली में हैं, परंतु उनके घर पर पुलिस तैनात है. इसके अलावा, पुलिस बराबर पूरे मामले की निगरानी कर रही है और लड़की के पिता या परिवार को अधिक सुरक्षा की आवश्यकता प्रतीत होगी, तो वह उपलब्ध करायी जायेगी. वहीं, दिल्ली से पीड़िता के पिता ने फोन पर कहा कि मैं अपनी बेटी से मिलने पहुंचा, तो बेटी काफी भयभीत थी और वह अपनी मां के सीने से लगकर रोने लगी. इसके बाद मैंने और उसकी मां ने उसे आश्वस्त किया कि प्रशासन और शीर्ष अदालत उसके साथ है. परिवार को कोई नुकसान नहीं होगा.
लड़की के पिता ने अपनी बेटी के हवाले से कहा कि वह घर वापस आना चाहती थी, परंतु उसे लगा कि अगर वह वापस चली गयी, तो उसका पूरा परिवार मार दिया जायेगा. इसीलिए वह अपने दोस्त के साथ राजस्थान चली गयी थी. पिता ने कहा कि बेटी ने उन्हें बताया है कि उसके पास स्वामी चिन्मयानंद के विरुद्ध सभी साक्ष्य मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि चिन्मयानंद के विरुद्ध सारे साक्ष्य मौजूद हैं और उन्होंने जो किया है, उसका उन्हें दंड तो दिलवाकर ही रहेंगे.
उल्लेखनीय है कि स्वामी सुखदेवानंद विधि महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा ने 24 अगस्त को एक वीडियो में आरोप लगाया था कि एक संन्यासी ने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर दी है और वह उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता है. इसीलिए वह अपने घर से चली गयी है. इस मामले के बाद लड़की के पिता ने स्वामी चिन्मयानंद पर लड़की के अपहरण तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला यहां कोतवाली में दर्ज कराया था. वहीं, स्वामी चिन्मयानंद ने एक व्हाट्सएप मैसेज का हवाला देते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया गया है. मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के बाद जांच एसआईटी को सौंप दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










