Brahmos Missile : लखनऊ से रवाना होगी ब्रह्मोस की पहली खेप
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 18 Oct 2025 10:50 AM
ब्रह्मोस मिसाइल
Brahmos Missile : लखनऊ से ब्रह्मोस की पहली खेप रवाना होगी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फ्लैग ऑफ करेंगे. ‘मेक इन इंडिया’ को नई गति मिलेगी.
Brahmos Missile : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शनिवार को देश की रक्षा निर्माण यात्रा का एक नया अध्याय लिखने जा रही है. सरोजिनी नगर स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से अत्याधुनिक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ‘ब्रह्मोस’ की पहली खेप शनिवार को रवाना होगी. इस ऐतिहासिक अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ करेंगे. यह सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (UPDIC) के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा — जो भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम और आगे ले जाएगा.
ब्रह्मोस यूनिट से निकलेगी आत्मनिर्भर भारत की शक्ति
विश्व की सबसे तेज और सटीक सुपरसोनिक मिसाइल प्रणाली ‘ब्रह्मोस’ अब पूरी तरह भारत में निर्मित होकर भारतीय सशस्त्र बलों के लिए तैयार है. लखनऊ स्थित नई इंटीग्रेशन एंड टेस्ट सुविधा, जिसका उद्घाटन 11 मई 2025 को हुआ था, ने यह पहली खेप तैयार की है. इस अत्याधुनिक यूनिट में मिसाइल के असेंबली, इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण की आधुनिकतम तकनीकें मौजूद हैं. सफल परीक्षणों के बाद तैयार यह मिसाइल बैच अब सशस्त्र बलों के लिए तैनाती हेतु भेजा जा रहा है.
कार्यक्रम में दिखेगा अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन
शनिवार को आयोजित होने वाले समारोह में रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री बूस्टर भवन का उद्घाटन करेंगे और बूस्टर डॉकिंग प्रक्रिया का प्रदर्शन भी देखेंगे. इसी क्रम में एयरफ्रेम और एवियोनिक्स, वारहेड भवन में प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन (PDI), ब्रह्मोस सिम्युलेटर उपकरणों का प्रेजेंटेशन, मोबाइल ऑटोनॉमस लॉन्चर का प्रदर्शन, वृक्षारोपण कार्यक्रम, और जीएसटी बिल प्रस्तुतीकरण भी होगा. इस दौरान ब्रह्मोस एयरोस्पेस के डीजी डॉ. जयतीर्थ आर. जोशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक चेक और जीएसटी बिल सौंपेंगे, जिससे राज्य सरकार को राजस्व लाभ प्राप्त होगा. उत्पादन प्रक्रिया के साथ प्रदेश को निरंतर जीएसटी से आय और उच्च कौशल वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे.
‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ का सशक्त केंद्र बनेगा उत्तर प्रदेश
लखनऊ की यह यूनिट उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में गिनी जा रही है। यहां मिसाइलों के निर्माण से लेकर अंतिम परीक्षण तक की पूरी प्रक्रिया स्वदेशी रूप से की जाती है. पहली खेप के रवाना होने के साथ ही प्रदेश ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के अभियान का मजबूत साझेदार बन गया है. यह यूनिट न केवल रणनीतिक दृष्टि से अहम है, बल्कि यह प्रदेश में रोजगार, निवेश और तकनीकी नवाचार के नए द्वार भी खोल रही है.
ब्रह्मोस यूनिट से वैश्विक बाजार तक: यूपी की नई पहचान
ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने हाल के वर्षों में अपनी उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार किया है. लखनऊ की यह सुविधा अब भारतीय सशस्त्र बलों की मांगों को पूरा करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय निर्यात बाजार की आवश्यकताओं को भी पूरा करने में सक्षम होगी. रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह यूनिट उत्तर प्रदेश को भारत का अगला एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण हब बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगी. ब्रह्मोस के इस नए अध्याय से भारत की रणनीतिक शक्ति, उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और मेक इन इंडिया की वैश्विक साख— तीनों को नई ऊंचाई मिलने जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










