Jharsuguda News:192 पाइप जलापूर्ति परियोजनाओं और 7777 चापाकल चालू करने का जिलाधीश ने दिया निर्देश

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा में हीट वेव से निपटने की तैयारियों के बारे में जानकारी जिलाधीश ने दी. कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है.
Jharsuguda News: झारसुगुड़ा जिले में बढ़ते तापमान और संभावित हीट वेव से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिलाधीश कुणाल मोतीराम चव्हाण ने गुरुवार को डीएमएफ ऑडिटोरियम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इस बारे में जिला प्रशासन द्वारा उठाये गये अलग-अलग कदमों की जानकारी दी.
549 स्थानों पर टैंकरों से पेयजल आपूर्ति का इंतजाम
जिलाधीश ने बताया कि जिले के अलग-अलग ब्लॉक और गांवों में राहगीरों और आम लोगों के लिए कुल 492 पानी की टंकियां की व्यवस्था होगी. इसी तरह पानी की कमी वाली 549 स्थानों पर टैंकरों से पीने का पानी उपलब्ध कराने का इंतजाम किया गया है. जिले में 192 पाइप वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट और 7777 ट्यूबवेल चालू करने का ऑर्डर दिया गया है. वाटको की ओर से 502 कुओं का रखरखाव कार्य भी चल रहा है. बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 13,500 ट्रांसफार्मर संचालित हैं तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए 70 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर तैयार रखे गये हैं. औद्योगिक एवं खनन क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए 50 से 100 लोगों की क्षमता वाले एसी या कूलर वाले विश्राम गृह बनाने के आदेश दिये गये हैं तथा सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक भारी वाहनों के लदान पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक पैसेंजर बसों का परिचालन रहेगा बंद
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में विशेष ‘हीट स्ट्रोक रूम’ स्थापित किये गये हैं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्कूलों को पर्याप्त ओआरएस उपलब्ध कराया गया है. शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया है. पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सालय को सुबह 8:00 से रात 8:00 बजे तक खुला रखा है तथा पालतू पशुओं के लिए पानी के प्याऊ की व्यवस्था की है. परिवहन क्षेत्र में भी प्रतिबंध जारी किये गये है. आरटीओ सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक पैसेंजर बसों की आवाजाही को बंद रखेगा. बस में पानी और ओआरएस रखना जरूरी कर दिया गया है.
जिला स्तरीय ऑपरेशन सेंटर और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर कर रहे काम
बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने ट्रांसफॉर्मर ठीक करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है. किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला स्तरीय ऑपरेशन सेंटर (नंबर : 06645-272902) और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर (63702-08842) काम कर रहे हैं. जिलाधीश ने कहा कि लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए 4000 पोस्टर और 150 बैनर बांटे गये हैं. इस मौके पर अतिरिक्त जिलाधीश किशोरचंद्र स्वांई, डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी ऑफिसर मुंजय सबर और डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेशन एंड पब्लिक रिलेशन्स ऑफिसर कृष्णकेशी धोलेरासिंघा मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




