Rourkela News: झारखंड की महिला नक्सली मोंगडी होनहागा ने राउरकेला पुलिस के सामने किया सरेंडर

Updated at : 31 Mar 2026 12:04 AM (IST)
विज्ञापन
Rourkela News: झारखंड की महिला नक्सली मोंगडी होनहागा ने राउरकेला पुलिस के सामने किया सरेंडर

Rourkela News: सीपीआइ (माओवादी) के गुरिल्ला दस्ते की सदस्य मोंगडी होनहागा ने राउरकेला पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है.

विज्ञापन

Rourkela News: झारखंड राज्य के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना अंतर्गत होलोमुली गांंव की एक महिला नक्सली ने सोमवार को राउरकेला पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. वह सीपीआइ (माओवादी) की पार्टी सदस्य (पीएम) और स्थानीय गुरिल्ला दस्ते की सदस्य थी. राउरकेला में आयोजित प्रेस वार्ता में पश्चिमी रेंज के आइजी ब्रिजेश कुमार राय और राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी ने यह जानकारी दी.

हम नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध : आइजी

आइजी ब्रिजेश राय ने बताया कि सुरक्षा बलों की ओर से निरंतर चलाये जा रहे अभियान, माओवादी विचारधारा से मोहभंग होने, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न तथा ओडिशा की आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर उसने आत्मसपर्मण का मन बनाया था. इसकी भनक लगने के बाद राउरकेला पुलिस ने उससे संपर्क किया था. डीआइजी ब्रिजेश कुमार राय ने बताया कि यह राउरकेला और ओडिशा में पहले हुए आत्मसमर्पणों की शृंखला की कड़ी है. हम नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

अनमोल उर्फ सुशांत ने मोंडली व अन्य को दस्ते में किया था शामिल

मोंगडी होनहागा पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना अंतर्गत होलोमुली गांव की निवासी है, जो सारंडा आरक्षित वन में स्थित है. इस क्षेत्र में सीपीआइ (माओवादी) के सदस्य अक्सर आते-जाते थे और रसद सामग्री इकट्ठा करते थे. रसद आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से वह नक्सलियों के संपर्क में आयी. अनमोल उर्फ सुशांत ने उसे और अन्य लोगों को नक्सली दस्ते में भर्ती किया. एसीएम जयकांत उर्फ गंगा, पार्टी सदस्य बिरसा उर्फ जलुए और मुनिराम भी अनमोल के साथ उसके गांव होलोमुली आये और भर्ती में अनमोल की मदद की. 21 जनवरी, 2026 को कुमदिही जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान महिला अपने दो अन्य साथियों के साथ भाग निकलने में कामयाब रही और जंगल में छिप गयी थी. राउरकेला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने तक वह नक्सली टीम में थी. वह बांको पत्थर खदान की लूट समेत अन्य नक्सली वारदात में अनमोल की टीम का हिस्सा थी.

2.65 लाख की वित्तीय सहायता समेत सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

ओडिशा की आत्मपर्मण नीति के मुताबिक, श्रेणी बी के अंतर्गत आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्ति को कुल 2,65,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी. वहीं पुनर्वास योजना के अंतर्गत विवाह, कौशल विकास, स्वास्थ्य कार्ड आदि से संबंधित लाभ भी प्रदान किये जायेंगे.

इन मामलों में संलिप्त थी सरेंडर करनेवाली महिला नक्सली

-केबलांग थाना अंतर्गत बांको पत्थर खदान में विस्फोटक लूट मामला

-केबलांग थाना अंतर्गत पोस्टर लगाने के दो मामले

-रेंजड़ा रेलवे ट्रैक पर आइइडी धमाका का मामला

-बांको में सीआरपीएफ जवान पर आइइडी धमाका का मामला

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola