एक पल की चूक और चली जाती जान! पश्चिमी सिंहभूम में हादसे का शिकार होते-होते बचे BDO

दुर्घटनाग्रस्त वाहन, Pic Credit- Prabhat Khabar
West Singhbhum Accident: नगर निकाय चुनाव से जुड़े कार्यों के लिए चाईबासा जा रहे नोवामुंडी के बीडीओ पप्पू रजक की सरकारी गाड़ी टोंटो प्रखंड के सूरज बासा के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. दोपहिया वाहन चालक को बचाने के दौरान हुई इस घटना में गाड़ी झाड़ियों में जा फंसी, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.
West Singhbhum Accident, चाईबासा: बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. नगर निकाय चुनाव से जुड़े कार्यों के लिए चाईबासा जा रहे पश्चिमी जिले स्थित नोवामुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पप्पू रजक की सरकारी गाड़ी टोंटो प्रखंड अंतर्गत सूरज बासा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. यह हादसा उस समय हुआ, जब चालक ने अचानक सामने आए एक दोपहिया वाहन सवार को बचाने का प्रयास किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और झाड़ियों में जा घुसी. वाहन दो विशाल पेड़ों के बीच फंस गया. गनीमत यह रही कि गाड़ी पास की गहरी खाई में नहीं गिरी, अन्यथा यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था.
मौके पर पहुंचा प्रशासन, चला राहत-बचाव
हादसे की सूचना मिलते ही टोंटो प्रखंड के बीडीओ, थाना प्रभारी और स्थानीय मुखिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. सभी ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. दुर्घटनाग्रस्त वाहन से BDO पप्पू रजक और उनके सहकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. हादसे में BDO और उनके सहकर्मियों को अंदरूनी चोटें आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. टोचन और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को झाड़ियों से बाहर निकाला गया. इसके बाद जगन्नाथपुर के अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और BDO पप्पू रजक को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया.
Also Read: विनय चौबे के रिश्तेदारों पर ACB का शिकंजा, CA से भी उगलवाए जा रहे हैं निवेश के राज
कुछ सेकेंड की देरी पड़ सकती थी भारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकता था. जिस स्थान पर वाहन फंसा, उसके ठीक नीचे गहरी खाई है.
भावुक हुए BDO पप्पू रजक, दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
हादसे के बाद BDO पप्पू रजक भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और प्रखंड की जनता की दुआओं से मेरी जान बच गयी. उन्होंने सभी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की कि नशे की हालत में या तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं. उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ आपकी जान, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है. अपने परिवार और दूसरों की सुरक्षा का ख्याल रखें. ”
हादसे के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
दरअसल यह दुर्घटना एक दोपहिया वाहन चालक को बचाने के प्रयास में हुई. प्रशासन फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रहा है.
Also Read: गढ़वा नगर परिषद चुनाव: 15 साल बाद सामान्य हुई अध्यक्ष की कुर्सी, अब पतियों ने खुद कसी चुनावी कमर!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




