ePaper

धर्म जीवन को संवारने में महती भूमिका निभाता है : आचार्य डॉ पद्मराज

Updated at : 18 Jan 2026 7:22 PM (IST)
विज्ञापन
धर्म जीवन को संवारने में महती भूमिका निभाता है : आचार्य डॉ पद्मराज

आचार्य पद्मराज स्वामी जी महाराज कोचेडेगा स्थित श्री सत्य साईं मंदिर सभागार में पधारे.

विज्ञापन

श्री सत्य साईं मंदिर कोचेडेगा में आचार्य पद्मराज स्वामी जी महाराज का स्वागत, सत्संग का आयोजन

वरीय संवाददाता

सिमडेगा. आचार्य पद्मराज स्वामी जी महाराज कोचेडेगा स्थित श्री सत्य साईं मंदिर सभागार में पधारे. मौके पर सत्संग एवं भजन कीर्तन का आयोजन हुआ. अपने संदेश में आचार्य डॉ पद्मराज स्वामी जी महाराज ने कहा जीवन की गरिमा धर्म से ही होती है. धर्म मात्र परलोक के लिए नहीं अपितु हमारे वर्तमान जीवन को भी संवारने में महती भूमिका निभाता है. ऐसा धर्म अहिंसा संयम और तपोमय स्वरूप वाला है. जिस व्यवहार से सबका भला होता हो वही अहिंसा का व्यवहार है. संयम हमारे जीवन की मर्यादा है और तप जीवन के सौंदर्य को निखारने का माध्यम. अर्थात गैरजरूरी इच्छाओं से स्वयं को मुक्त करना ही तपस्या है. हमारे जीवन में हमेशा दो मार्ग होते हैं. एक मार्ग प्रेय का है और दूसरा मार्ग श्रेय का. प्रेय का अर्थ है जो आपको अच्छा लगता है और श्रेय का अर्थ है जो सचमुच में आपके लिए अच्छा होता. जैसे कोई वस्तु बहुत प्रिय हो सकती है किंतु उसका परिणाम आपके लिए घातक हो सकता है. जैसे कि मधुमेह के मरीज के लिए मिठाई. उसी तरह एक दूसरी वस्तु है जो उतनी प्रिय भले न हो किंतु उसका परिणाम आपके लिए हमेशा हितकर होता है. जैसे बीमार व्यक्ति के लिए दवाई. दवाई का स्वाद कड़वा हो सकता है. किंतु उसका परिणाम बहुत मधुर होता है. बस आपको अपने जीवन में इस बात को ठीक ठीक पहचानने की जरूरत है कि आपके लिए क्या श्रेयस्कर है. जो श्रेयस्कर है उसे पहचानिये और हर हाल में उस पर कायम रहिए. यही सफलता का यथार्थ मार्ग है. इसका बोध हमें सत्संग से ही प्राप्त होता है. इसलिए जीवन में जब भी सत्संग का अवसर मिले उसे ले लीजिये. उससे चूकिये मत. सभा में गुरुमा साध्वी वसुंधरा जी ने प्रेरक भजन प्रस्तुत किया. राहुल प्रसाद ने आगामी 30 जनवरी को प्रस्तावित सर्व धर्म सम्मेलन की जानकारी देते हुए सबको निमंत्रण दिया. साईं मंदिर के अध्यक्ष गणपति प्रसाद ने मंदिर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की. मौके पर संपूर्ण साईं परिवार ने पाद प्रक्षालन एवं पूजन द्वारा आचार्य जी सहित अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया. मंगलपाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola