सड़क, बिजली व पेयजल की है गंभीर समस्या
Published by : VIKASH NATH Updated At : 18 Jan 2026 6:20 PM
पूर्व उप मुखिया सह समाजसेवी दीपक लकड़ा ने ठेठइटांगर प्रखंड के कोनपाला पंचायत के गोमिया बेड़ा गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी
गोमिया बेड़ा गांव
सिमडेगा. पूर्व उप मुखिया सह समाजसेवी दीपक लकड़ा ने ठेठइटांगर प्रखंड के कोनपाला पंचायत के गोमिया बेड़ा गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी. गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया. श्री लकड़ा ने ग्रामीणों के साथ बैठक की. ग्रामीणों ने बताया कि आज़ादी के इतने वर्षों बाद भी आज तक गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं है. ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े नेता वोट मांगने के लिए गांव तक पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गांव में उनका आना-जाना बंद हो जाता है. कभी किसी नेता से समस्या रखने पर केवल आश्वासन ही मिलता है.
गांव में लगभग 15 परिवार रहते हैं
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 15 परिवार रहते हैं. लेकिन हमारी उम्मीदें अब तक अधूरी ही रह गयी हैं. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं या गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए खटिया का सहारा लेना पड़ता है.गांव में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है, लोग नदी का पानी पीने को मजबूर हैं.बिजली नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है. जंगल क्षेत्र होने के कारण आये दिन जंगली हाथियों का भय बना रहता है. इस मौके पर ग्रामीणों ने पूर्व उप मुखिया दीपक लकड़ा को समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन भी सौंपा. श्री लकड़ा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि ग्रामीणों के हक और अधिकार के लिए वह जिले के उच्च अधिकारियों से मिल कर समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करेंगे.श्री लकड़ा ने कहा कि आज़ादी के बाद आज तक गोमिया बेड़ा जैसे सुदूरवर्ती गांव में मूलभूत सुविधाओं का नहीं पहुंच पाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.बैठक में गोमिया बेड़ा गांव के सरपंच कुलदीप किंडो, फुलजेम्स किंडो, सलीम केरकेट्टा, विमल किंडो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










