ड्यूटी के दौरान चली गोली, गले को चीरते हुए माथे से हुई पार, सिमडेगा में आरक्षी की मौत पर SP ने गठित की जांच टीम

शहीद आरक्षी जवान राजू तिर्की
Simdega News: सिमडेगा के महाबुआंग थाना में रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान अपनी ही राइफल से अचानक गोली चलने के कारण आरक्षी राजू तिर्की की दर्दनाक मौत हो गई. वह रांची के रातू के रहने वाले थे. मामले की जांच के लिए एसपी ने विशेष टीम का गठन किया है. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.
Simdega News, सिमडेगा, (रविकांत साहू की रिपोर्ट): झारखंड के सिमडेगा जिले के महाबुआंग थाना परिसर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां रविवार की सुबह ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में पुलिस जवान (आरक्षी) राजू तिर्की की गोली लगने से असामयिक मौत हो गई. दिवंगत जवान रांची जिले के रातू थाना अंतर्गत टिंबरा गांव के रहने वाले थे. इस आकस्मिक घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.
ड्यूटी के दौरान अचानक चली गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया रविवार की सुबह करीब 10:00 बजे का है. आरक्षी राजू तिर्की महाबुआंग थाना परिसर में मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान अचानक उनकी ही सर्विस गन (हथियार) से मिसफायर या अन्य कारणों से अचानक गोली चल गई. गोली इतनी नजदीकी से चली कि वह उनके गले को भेदते हुए सीधे माथे से पार हो गई. गोली लगते ही जवान लहूलुहान होकर गंभीर रूप से वहीं गिर पड़े. गोली चलने की आवाज सुनते ही थाना परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई. साथी पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए आनन-फानन में घायल राजू तिर्की को तुरंत इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल के चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
Also Read: Ramgarh: दामोदर नदी में नहाने के दौरान दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
एसपी और डीएसपी पहुंचे अस्पताल
जवान की मौत की खबर मिलते ही जिले के पुलिस कप्तान (एसपी) श्रीकांत एस खोटरे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), और डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह समेत कई आला अधिकारी तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस दौरान पूरा अस्पताल परिसर गमगीन माहौल में डूब गया और राजू तिर्की के साथी पुलिसकर्मी अपने मित्र को खोने के गम में मर्माहत नजर आए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरक्षी की मौत अपने ही हथियार से गोली लगने के कारण हुई है. हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह और परिस्थितियों का सटीक पता लगाने के लिए एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है. एसपी ने साफ किया कि पूरी विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गोली किन परिस्थितियों में और कैसे चली.
विधायक भूषण बाड़ा और मेंस एसोसिएशन ने जताया गहरा शोक
इस दुखद घटना पर स्थानीय विधायक भूषण बाड़ा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत आरक्षी की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है. दूसरी ओर, पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाले इस वीर जवान के पीड़ित परिवार को अविलंब हरसंभव आर्थिक सहायता, अनुकंपा नौकरी और सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
Also Read: गढ़वा के रंका सीएचसी में महिला ओपीडी की हुई शुरुआत, सिविल सर्जन ने किया उद्घाटन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










