हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना योजना का उद्देश्य : प्रधान सचिव

जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम आयोजित
सिमडेगा. नगर भवन में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग रांची के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा तथा जल जीवन मिशन के प्रबंध निदेशक रमेश घोलप मुख्य रूप से उपस्थित थे. उपायुक्त कंचन सिंह व उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया. कार्यक्रम में जिले के सभी बीडीओ, मुखिया, पंचायत सचिव, जल सहिया व जल समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. कार्यक्रम में उपायुक्त जिले में जल जीवन मिशन की वर्तमान प्रगति से सभी को अवगत कराया. उन्होंने बताया कि जिले ने अब तक 92 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है और जल्द निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जायेगा. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान सचिव मस्त राम मीणा ने कहा कि जल ही जीवन है. परंतु पानी तभी जीवनदायी है, जब वह शुद्ध और सुरक्षित हो. इस उद्देश्य से भारत सरकार ने जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की है, ताकि हर घर तक नल से स्वच्छ जल पहुंचे और हर गांव स्वस्थ एवं स्वच्छ बन सके. उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मूल लक्ष्य प्रत्येक टोले और प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है. कहा कि किसी भी टोले या घर को बिना जल कनेक्शन छोड़ा नहीं जायेगा. उन्होंने मुखिया, जनप्रतिनिधि, जल सहिया और ग्रामवासियों से अपील की कि वह इस तथ्य को भली-भांति समझें कि योजना की पूर्णता का अर्थ तभी है जब संबंधित टोला के प्रत्येक घर में कनेक्शन स्थापित हो जाये. केवल कागज पर दर्ज संख्या को योजना की सफलता नहीं माना जायेगा. उन्होंने बताया कि योजना पूरा होने के बाद इसका संचालन एवं रख-रखाव केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं होगी. इसके लिए एक त्रिपक्षीय एग्रीमेंट किया जायेगा, जिसमें विभाग, कार्यान्वयन एजेंसी और ग्राम स्तर पर गठित जल एवं स्वच्छता समिति की संयुक्त जिम्मेदारी होगी. उन्होंने कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि किसी भी टोला या घर को जल कनेक्शन से वंचित न रखा जाये और योजना की गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाये, ताकि हर घर तक सुरक्षित पेयजल की सतत उपलब्धता बनी रहे. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एमडी रमेश घोलप ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जल जीवन मिशन की रूपरेखा और महत्व को साझा करना है. उपविकास आयुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन में पूरी टीम की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि समाज के दीर्घकालिक कल्याण से जुड़ा उत्तरदायित्व है. कार्यक्रम में मुखिया एवं जल सहिया ने अपने क्षेत्र में नल जल योजना का सफल संचालन कैसे किया जा रहा है उसकी जानकारी को साझा किया. कार्यक्रम में वॉश विशेषज्ञ यूनिसेफ के अधिकारी प्रेमचंद कुमार, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मुकेश कुमार आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




