प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या, सात गोलियों से किया छलनी
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए दिनेश यादव के शव को ले जाती पुलिस
सीतामढ़ी के रीगा में प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की शनिवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, जिसमें उन्हें सात गोलियां लगीं. पुलिस आपसी दुश्मनी के एंगल से जांच कर रही है.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र स्थित मेहंदी नगर में शनिवार देर शाम बेखौफ अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने दिनेश यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें सात गोलियां लगीं. घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
दो बाइक पर पहुंचे चार बदमाश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद सभी आरोपी भवदेपुर रेलवे गुमटी की ओर फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दिनेश यादव को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रॉपर्टी डीलिंग का करते थे काम
मृतक की पहचान शहर के आरडी पैलेस रोड निवासी सुरेश यादव के पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है. वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे. पुलिस के अनुसार, उनका भाई राकेश यादव फिलहाल फरार है.
आपसी दुश्मनी के एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ-1 राजीव कुमार सिंह, नगर थाना एवं रीगा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली. हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए तथा आक्रोश जताया.
पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
हत्या के एक पुराने मामले से जुड़ा है परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतक दिनेश यादव का भाई राकेश यादव शहर के मेहसौल चौक निवासी व्यवसायी वसीम अहमद खान उर्फ पुट्टु खान की 12 जुलाई 2025 को हुई हत्या के मामले में प्रमुख अभियुक्त है. हालांकि वर्तमान हत्या का उस मामले से संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है और जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: छात्र प्रदर्शन के बाद अंबेडकर छात्रावास में पुलिस की बड़ी छापेमारी, कई छात्रों से पूछताछ
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए