ओड़गा रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क कीचड़ में तब्दील
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 16 Sep 2025 10:10 PM
सड़क पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी हो गया है मुश्किल
जलडेगा. प्रखंड के ओड़गा बाजारटांड़ से ओड़गा रेलवे स्टेशन जाने वाली लगभग डेढ़ किमी सड़क की स्थिति खराब हो गयी है. बरसात में स्थिति और भी दयनीय हो जाती है. जगह-जगह जलजमाव व गड्ढे होने से सड़क कीचड़ में तब्दील हो गयी है. सड़क पर वाहन चलाना, तो दूर साइकिल व पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. इस संबंध में पंसस दीपक कुमार महतो की अगुवाई में ग्रामीणों ने तीन जुलाई को उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा था. साथ ही जनता दरबार में पथ निर्माण की गुहार लगायी थी. उपायुक्त जलडेगा बीडीओ को 10 दिनों के अंदर प्रतिवेदन जमा करने का निर्देश दिया था. इसके बाद बीडीओ ने 18 जुलाई को कनीय अभियंता दीपक बड़ाइक को दो दिनों के अंदर स्थल निरीक्षण कर पथ की लंबाई तथा पथ निर्माण कार्य में राशि की लागत संबंधित प्रतिवेदन मांगा था. किंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. फलस्वरूप क्षेत्र के ग्रामीण जर्जर सड़क पर चलने को विवश हैं. इस संबंध गांव के ही अनिल जोजो ने कहा कि वर्षों पूर्व सड़क का निर्माण हुआ था, फिर कभी मरम्मत नहीं हुई. ग्रामीण सड़क निर्माण व मरम्मत की मांग वर्षों से करते रहे हैं. महेश्वरी खेस ने कहा कि प्रतिदिन ओड़िशा समेत रेलवे स्टेशन तक लोगों का आवागमन होता है. सड़क जर्जर होने से लोगों को परेशानी हो रही है. मरसलन जोजो ने कहा कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. प्रतिदिन स्कूली बच्चों का उक्त पथ से आना-जाना होता है. बच्चे काफी परेशान रहते हैं. बलराम साहू ने कहा कि सड़क पर अक्सर दुर्घटनाएं घट रही है.किंतु अधिकारियों एवं पथ निर्माण विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. लेबयान जोजो ने कहा ओड़गा में सोमवार व गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगता है. बाजार आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मिथुन नाग ने कहा कि सड़क कीचड़ में तब्दील होने से लोगों को संभलकर सड़क पर चलना पड़ रहा है. एमनुएल जोजो ने कहा कि ओड़गा बाजारटांड़ से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क महत्वपूर्ण सड़क है. इसे विभाग जल्द से जल्द बनाने का काम करे. प्रसाद महतो ने कहा कि ओड़गा रेलवे स्टेशन, साप्ताहिक बाजार, पंचायत सचिवालय, उच्च विद्यालय आदि जाने के लिए इस मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है. जर्जर सड़क के कारण लोगों को काफी परेशानी है. भाजपा नेता सुजान जोजो ने कहा कि ओड़गा में रेलवे दोहरीकरण का काम चल रहा है. भारी वाहनों के आगमन से सड़क की स्थिति बदहाल हो गयी है. कई बार रेलवे विभाग व जिले के वरीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, किंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई. यदि यही स्थिति रही, तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










