GNM नर्सिंग एग्जाम के फाइनल रिजल्ट के दिन ही जिंदगी की आखिरी परीक्षा हार गईं निशि ममता लकड़ा

Updated:
विज्ञापन

छात्रा निशि ममता लकड़ा की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

बीमारी से जूझते हुए निशि ममता लकड़ा ने जीएनएम फाइनल परीक्षा में डिस्टिंक्शन हासिल किया. लेकिन रिजल्ट जारी होने के दिन ही दिल्ली के अस्पताल में उनका निधन हो गया. उनकी मेहनत और संघर्ष ने कॉलेज परिवार को भावुक कर दिया.

विज्ञापन

बानो (सिमडेगा): जिले के बानो स्थित मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा निशि ममता लकड़ा की मंगलवार की अहले सुबह दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. हालांकि, बेहद मार्मिक संयोग यह रहा कि जिस दिन उसके GNM नर्सिंग की फाइनल परीक्षा का रिजल्ट जारी हुआ और उसकी वर्षों की मेहनत का फल सामने आया, उसी दिन उसने जिंदगी की अंतिम परीक्षा हार मान ली.

जानकारी के अनुसार, निशि ममता लकड़ा पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रही थीं. गंभीर बीमारी के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और इलाज के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी. उन्होंने जीएनएम तृतीय वर्ष की फाइनल परीक्षा भी पूरी की. मंगलवार को जारी परीक्षा परिणाम में उन्होंने डिस्टिंक्शन मार्क्स हासिल किया. लेकिन उनकी इस उपलब्धि की खुशी परिवार और कॉलेज परिवार के साथ साझा होने से पहले ही मातम में बदल गई.

ये भी पढ़ें- सिमडेगा में 29 अगस्त से होगी 21वीं मेजर ध्यानचंद जिला हॉकी चैंपियनशिप

स्वास्थ्य सेवा में भविष्य बनाने का था सपना

निशि नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रही थीं. सहपाठियों के अनुसार, वह मेहनती, लगनशील और मिलनसार छात्रा थीं. बीमारी की गंभीर स्थिति में भी परीक्षा पूरी करने का उनका जज्बा उनके संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है. उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार, सहपाठियों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई. जिस उपलब्धि का इंतजार निशि और उनके परिवार को लंबे समय से था, वह उनके निधन के साथ ही बेहद दर्दनाक याद बन गई.

कॉलेज निदेशक ने जताया गहरा दुख

मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के निदेशक डॉ. प्रहलाद मिश्रा ने निशि ममता लकड़ा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि निशि बेहद मेहनती, कर्तव्यनिष्ठ और प्रतिभावान छात्रा थीं. बीमारी की कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी परीक्षा पूरी की और परिणाम में डिस्टिंक्शन हासिल किया. उन्होंने कहा कि जिस मंगलवार को निशि का परीक्षा परिणाम डिस्टिंक्शन के साथ आया, उसी दिन उनका निधन हो जाना कॉलेज परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है. उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- JSSC ने एक ही प्रमाण पत्र पर लागू किए दो नियम, एक में नियुक्ति तो दूसरे में रोक दिया रिजल्ट

कॉलेज में शोकसभा, दी गई श्रद्धांजलि

निशि ममता लकड़ा के असामयिक निधन पर मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शोकसभा आयोजित की गई. कॉलेज परिवार के सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने दिवंगत छात्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की गई.


विज्ञापन
विकाश नाथ

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola