सिमडेगा में बारिश से बही अंबापानी-कुटनियां सड़क, 5 एकड़ पर लगी धान की फसल बर्बाद
तेज बारिश से बही सड़क के पास मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के ठेठईटांगर में भारी बारिश से सड़क और गार्डवाल बह गई, जिससे पांच एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई. किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है.
सिमडेगाः ठेठईटांगर प्रखंड में हुई भारी बारिश के कारण दुमकी पंचायत के बरपानी गांव के समीप अंबापानी-कुटनियां कालीकरण सड़क गार्डवाल समेत पूरी तरह बह गई. सड़क के क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है. फिलहाल ग्रामीणों को पैदल ही इस रास्ते से आना-जाना पड़ रहा है.
पांच एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद
बारिश के तेज बहाव में सड़क और गार्डवाल का मलबा आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे करीब पांच एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई. प्रभावित किसानों संजय समद, शांतिएल समद समेत अन्य किसानों ने बताया कि फसल नष्ट होने से उनके परिवार के सामने वर्षभर के अनाज का संकट पैदा हो गया है.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में 29 अगस्त से होगी 21वीं मेजर ध्यानचंद जिला हॉकी चैंपियनशिप
विधायक के निर्देश पर बरपानी गांव पहुंचे प्रखंड प्रमुख
इधर, नुकसान की सूचना मिलने पर विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी के निर्देश पर मंगलवार को प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज और प्रखंड विधायक प्रतिनिधि मो कारू बरपानी गांव पहुंचे. जहां दोनों ने क्षतिग्रस्त सड़क और खेतों का जायजा लिया और प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से नुकसान की जानकारी ली.
मौके पर प्रखंड प्रमुख ने किसानों को आश्वासन दिया कि क्षति का आकलन कर आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़क और गार्डवाल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी विधायक को दी जाएगी और जल्द मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








