बारिश ने खोली एनएच-143 की पोल, गड्ढों और जलजमाव से लोग परेशान

Updated:
विज्ञापन

बारिश के बाद गड्ढो में जमा पानी | Prabhat Khabar Network

सिमडेगा में एनएच-143 की जर्जर सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. झूलन सिंह चौक, बस स्टैंड और महावीर चौक समेत कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं. बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से आवागमन मुश्किल हो गया है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थायी मरम्मत की मांग की है.

विज्ञापन

सिमडेगाः शहरी क्षेत्र से होकर गुजरने वाली एनएच-143 की जर्जर स्थिति इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. शहर के झूलन सिंह चौक, बस स्टैंड, महावीर चौक समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. इन व्यस्त इलाकों से दिनभर हजारों लोग और वाहन गुजरते हैं. ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

बारिश के बाद गड्ढों में जमा हो रहा पानी

बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी जमा हो जाने से परेशानी और बढ़ गयी है. पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता. इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गड्ढों से वाहनों के गुजरने पर जमा गंदा पानी राहगीरों, खासकर स्कूली बच्चों के कपड़ों पर पड़ जाता है.

ये भी पढ़ें- घर पर गिरा विशालकाय पेड़, दूसरे के घर में रहने को मजबूर परिवार

गड्ढों से बचने में दुर्घटना का खतरा

सड़क पर कई जगह गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अचानक दिशा बदल देते हैं. इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है. व्यस्त सड़क होने के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति अधिक खतरनाक बनी हुई है.

मरम्मत के बाद फिर उखड़ गयी सड़क

कुछ दिन पूर्व प्रशासन की ओर से गड्ढों में मेटल और डस्ट डालकर उन्हें भरने का प्रयास किया गया था. इससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन लगातार बारिश और भारी वाहनों के आवागमन के कारण सड़क फिर उखड़ गयी. कई स्थानों पर दोबारा बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश का पानी जमा होने के कारण की गयी मरम्मत भी ज्यादा दिनों तक प्रभावी नहीं रह सकी.

ये भी पढ़ें- स्कूल से छुट्टी लेकर निकला छात्र 12 दिनों से लापता, परिजन परेशान; पुलिस से लगाई खोजने की गुहार

स्थायी मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से एनएच-143 के जर्जर हिस्सों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में सड़क की स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाये जाने चाहिए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके.


विज्ञापन
Ravikant

लेखक के बारे में

By Ravikant

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola