सांकेतिक हड़ताल पर गये जिले के मनरेगा कर्मी
Published by :Prabhat Khabar News Desk
Published at :09 Mar 2026 9:38 PM (IST)
विज्ञापन

सांकेतिक हड़ताल पर गये जिले के मनरेगा कर्मी
विज्ञापन
सिमडेगा. झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के आह्वान पर लंबित मांगों की अविलंब पूर्ति को लेकर सोमवार को सिमडेगा, कोलेबिरा व बानो समेत जिले के सभी मनरेगा कर्मी तीन दिवसीय हड़ताल पर चले गये. प्रखंड विकास कार्यालय के समीप मनरेगा कर्मी हड़ताल पर डटे रहे. मनरेगा कर्मियों ने बताया कि संघ द्वारा पिछले कई वर्षों से मनरेगा कर्मियों की सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण नीति निर्माण, ग्रेड पे, नियमित वेतन, सामाजिक सुरक्षा, हेल्थ इंश्योरेंस, अनुकंपा नियुक्ति तथा समयबद्ध मानदेय भुगतान की मांग को लेकर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है. इसके लिए कई बार ज्ञापन सौंपे गये और प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से भी सरकार से अनुरोध किया गया. लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. कहा कि राज्य के कई जिलों में मनरेगा कर्मियों का छह माह से अधिक समय से मानदेय बकाया है, जिससे उनके समक्ष भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है. वहीं बिना अतिरिक्त संसाधन और पारिश्रमिक के लगातार असंगत और अतिरिक्त कार्यभार दिया जा रहा है. सामाजिक सुरक्षा के अभाव में फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों को प्रतिकूल और असुरक्षित परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है. झारखंड में अब तक करीब 112 मनरेगा कर्मियों की मौत हो चुकी है. लेकिन उनके आश्रितों को किसी प्रकार का लाभ नहीं मिल पाया है. साथ ही सेवा स्थायित्व और राज्य मनरेगा कोषांग में कार्यरत पदाधिकारियों के समान वेतन संरचना की मांगों की भी लगातार अनदेखी की जा रही है. कर्मियों ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि नौ मार्च से 11 मार्च तक तक राज्यभर के सभी मनरेगा कर्मी सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे. यदि इस अवधि के अंदर सरकार की ओर से मांगों पर ठोस समाधान नहीं किया जाता है, तो 12 मार्च से सभी मनरेगा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे. मौके पर रोजगार सेवक करिश्मा बड़ाइक, राजू नाग, नितरन कुल्लू, विजय कुमार साहू, विजय साहू, दिलीप ओहदार, सुरेंद्र साहू, माणिक लाल, बानो के बीपीओ विक्रम सिंह, लेखा सहायक दीपक बड़ाइक, प्रखंड अध्यक्ष रियासत मियां, रोजगार सेवक इशाक, किशोर टोप्पो, अमित सिंह, प्रमोद टोप्पो, रूबी कुमारी, दिव्य प्रकाश, बसंत मड़की आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




