Seraikela Kharsawan News : बैठक में बकाया वेतन देने पर बनी सहमति, दिल्ली में होगा अंतिम फैसला

Updated:
विज्ञापन

बिना नोटिस बीएसआइएल प्लांट बंद, वनराज पर 55 करोड़ के बकाये का आरोप

विज्ञापन

चांडिल. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड स्थित हुमीद (छोटालाखा) स्थित बिहार स्पंज आयरन लिमिटेड प्लांट बंद होने से उत्पन्न संकट को दूर करने के लिए शनिवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय बैठक हुई. कंपनी परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में बीएसआइएल प्रबंधन, वनराज स्टील और पंच ग्राम विस्थापित समिति के सदस्य शामिल हुए. करीब एक घंटा चली बैठक में तय हुआ कि प्लांट को दोबारा शुरू करने और वित्तीय विवादों को सुलझाने के लिए वनराज स्टील और बीएसआइएल के वरिष्ठ अधिकारी जल्द दिल्ली में एक हाइ लेवल बैठक करेंगे. फिलहाल, कामगारों के बकाया वेतन को जल्द क्लियर करने पर सहमति बनी है.

कंपनियां विवाद सुलझाएं, पर बंद न हो ग्रामीणों का रोजगार : सविता महतो

विधायक ने कहा कि बड़ी मुश्किलों के बाद वर्ष 2022 में कंपनी को दोबारा शुरू कराया गया. दोनों कंपनियों ( बीएसआइएल और वनराज स्टील) के बीच जो भी आंतरिक विवाद या हिसाब-किताब का मामला है, उसे जल्द सुलझाएं. किसी भी स्थिति में प्लांट बंद नहीं होना चाहिए. इससे 450 से अधिक ग्रामीणों का रोजगार जुड़ा है. कंपनी प्रबंधन तत्काल कामगारों का बकाया वेतन भुगतान करे.

वनराज स्टील पर 55 करोड़ का बकाया : बीएसआइएल

बीएसआइएल के प्रबंधक आर के शर्मा ने वनराज स्टील (आधुनिक ग्रुप) पर गंभीर आरोप लगाते हुए बकाया का पूरा ब्यौरा पेश किया. उन्होंने बताया कि वनराज स्टील पर लगभग 55 करोड़ रुपये का बकाया है. इसमें बिजली (1.5 करोड़), पानी (8 करोड़), क्रेडिटर (24 करोड़), रेंट (4 करोड़) और जीएसटी (3.5 करोड़) जैसे मद शामिल हैं.

बिना सूचना प्लांट बंद किया गया, कच्चा माल पहले से नहीं मंगा रही :

श्री शर्मा ने कहा कि कंपनी ने जनवरी 2022 से जलकर (वाटर टैक्स) का भुगतान नहीं किया है, जिसपर विभाग कार्रवाई कर रहा है. आरोप लगाया कि वनराज स्टील मशीनों और इएसपी (प्रदूषण नियंत्रण उपकरण) का मेंटेनेंस नहीं कर रही थी. इससे क्षेत्र में प्रदूषण और ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा था. 5 फरवरी को बिना किसी सूचना के प्लांट पूरी तरह बंद कर दिया गया, जबकि कच्चा माल मंगाना पहले बंद कर दिया गया था.

9 साल बाद शुरू हुआ था प्लांट, फिर संकट:

उल्लेखनीय है कि 2013 में बंद हुए प्लांट को जनवरी 2022 में वनराज स्टील के सहयोग से शुरू किया गया था. प्लांट की तीन इकाइयों में से एक पहले ही बंद थी. शुक्रवार को बाकी की दो इकाइयां बंद होने से उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है.- त्रिपक्षीय वार्ता सकारात्मक रही. कंपनी को बहुत जल्द चालू किया जायेगा. वनराज स्टील कंपनी ही प्लांट चलायेगी. समस्याओं का समाधान हो गया है. जल्द दिल्ली में बैठक होगी. श्रमिकों को बहुत जल्द वेतन भुगतान होगा.

– मुकेश बरेलिया

, कॉमर्शियल हेड, वनराज स्टील.

– दोनों कंपनियों के बीच बैठक हुई. दोनों ने वरीय पदाधिकारी तक समस्या को पहुंचाने की बातें कही हैं. कंपनी मजदूरों का बकाया वेतन तत्काल दे. हम लोग को आशा है कि दोनों कंपनी के प्रयास से प्लांट दोबारा चालू होगा.

– आशुतोष बेसरा,

सचिव, पंच ग्राम विस्थापित समिति छोटालाखा.

– कुछ खामी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. समस्याओं का समाधान कर प्लांट को चलाया जाये. हमारी सरकार चाहती है कि यहां के लोगों को रोजगार मिले. जल्द कंपनी को चलाया जाये और ग्रामीणों को रोजगार मिले.

– चारुचांद किस्कु

, केंद्रीय सदस्य झामुमो सह सीएम के मामा.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola