Saraikela: पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला में दिखा लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत रूप

विजेता फुटबॉल टीम को पुरस्कार देते विधायक दशरथ गागराई
Saraikela: सोमवार को सरायकेला के कुचाई प्रखंड में पुष्प चंद्र शांति टुसू मेले का आयोजन किया गया. रांची के तमाड़ के टुसू दल ने पहला पुरस्कार जीता.
शचिंद्र कुमार दाश
Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के बारुहातु गांव में पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला का आयोजन किया गया. टुसू मेला का उद्घाटन स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने किया. इस दौरान कुचाई के साथ-साथ खूंटी और रांची जिले से भी बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष टुसू लेकर इस मेले में पहुंचे. इस टुसू मेले में लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत रूप देखने को मिला. टुसू के सामने महिलाओं ने पारंपरिक लोक गीतों पर नृत्य किया. हजारों की संख्या में पहुंचे लोग टुसू के रंग में रंगे नजर आए. जिले में मकर संक्राति के बाद से ही टुसू मेले का आयोजन शुरू हो जाता है, जो कई दिनों तक चलता है.
पियाकुली (तमाड़) का 41 फीट ऊंचा टुसू सबसे आकर्षक
पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला में पियाकुली (तमाड़) की 41 फीट ऊंचा चौड़ल टुसू आकर्षण का केंद्र बना रहा. इसे पहला पुरस्कार दिया गया. चौड़ल को काफी अकर्षक ढंग से सजाया गया था. टीम की महिला सदस्य इसी चौड़ल के सामने संस्कृतिक कार्यक्रम पेश करती नजर आईं. जय मां सरना चौड़ल समिति पियाकुली की महिलाओं ने बताया कि पिछले करीब एक माह तक लगातार मेहनत कर इस चौड़ल टुसू को बनाया गया था. टुसू को लेकर आसपास के मेलाओं में भी प्रदर्शित करेंगे.
विधायक दशरथ गागराई ने किया मेले का उदघाटन
पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला का उदघाटन और पुरस्कार वितरण स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने किया. मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला को यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिक बताया. टुसू मेला में हमारी सभ्यता, संस्कृति व परंपरा से जुड़ा हुआ है. हर दिन इसकी भव्यता बढ़ती जा रही है. इस मेला की ख्याति पड़ोस के जिसे खूंटी और रांची तक फैली हुई है. इस पर्व के माध्यम से सामाजिक समरसता की भावना भी मजबूत हो रही है. उन्होंने पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला के आयोजन को और अधिक बढ़ावा देने की बात कही. गागराई ने कहा कि यह मेला न सिर्फ हमारी उत्कृष्ठ कला, समृद्ध संस्कृति, वर्षों से चली आ रही परंपरा को प्रदर्शित करती है, बल्कि गांव के खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने लोगों से अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के साथ-साथ परंपरा को भी संरक्षित करने पर बल दिया. इस दौरान मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र मुंडा, भरत सिंह मुंडा, करम सिंह मुंडा, मंगल सिंह मुंडा, रेखा उरांव, राहुल सोय, वृंदावन सिंह मुंडा, कृष्णा मुंडा, विजय सिंह मुंडा, उपेंद्र सिंह मुंडा, रामचंद्र सिंह मुंडा, सुखराम मृधा, भुवनेश्वर सिंह मुंडा घासिया दास, गुरवा स्वांसी, मुन्ना सोय और दशरथ उरांव उपस्थित रहे.
7 टुसू दलों को किया गया पुरस्कृत
पुष्प चंद्र शांति टुसू मेले में आए 7 टुसू दलों को पुरस्कार दिया गया. इनमें पियाकुली (तमाड़), बुरुबांडी (कुचाई), मोलाडीह (खरसावां), जोजोहातु (कुचाई), मेरोमजंगा (कुचाई), राजाटोली (कुचाई) व बारुहातु (कुचाई) के टुसू दलों को नकद राशि पुरस्कार के रूप में दी गई.
फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता तालाडीह एफसी को मिला एक लाख
कुचाई प्रखंड के बारुहातु गांव में पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला के दौरान दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. फाइनल मैच में जयराम एफसी को हरा कर तालाडीह एफसी की टीम विजेता बनी. पुरस्कार वितरण समारोह में पहुंचे स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने विजेता तालाडीह एफसी को एक लाख रुपये, उप विजेता जयराम एफसी को 70 हजार और तीसरे व चौथे स्थान पर रहे राजस्थान राजवाड़ी और मारांग हेंदे एफसी को 20-20 हजार रुपये के नगद राशि दे कर पुरस्कृत किया. इस दौरान विधायक गागराई ने खिलाड़ियों को बेहतर खेल के लिये प्रोत्साहित किया. साथ ही खेल व खिलाड़ियों के विकास के लिये हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया. गागराई ने कहा कि खेल व खिलाड़ियों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है.
ग्राम मुंडा महिपति सिंह मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान गांव के दिवंगत ग्राम मुंडा महिपति सिंह मुंडा की प्रतिमा पर स्थानीय विधायक दशरथ गागराई समेत अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. बारुहातु के दिवंगत ग्राम मुंडा स्व महिपति सिंह के पुण्यतिथि पर पुष्प चंद्र शांति टुसू मेला का आयोजन किया जाता है.
ये भी पढ़ें…
Sarailkela Chhau Dance: भोपाल में छऊ नृत्य ने मचाया धमाल, डांसरों की शानदार प्रस्तुति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




