17 माह की देरी से फेल हुई रुगड़ी पीएम ग्राम सड़क योजना, 9.15 किमी सड़क अधूरी, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Updated:
विज्ञापन
17 माह की देरी में फेल हुई पीएम ग्राम सड़क योजना, 9.15 किमी सड़क अधूरी, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा.

जर्जर सड़क सड़क निर्माण में लगी बोर्ड | Prabhat Khabar Network

रुगड़ी से पदडीह तक 9.15 किमी सड़क का निर्माण 17 माह बाद भी अधूरा है. जर्जर सड़क और कीचड़ से ग्रामीणों का जीना मुहाल, प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल.

विज्ञापन

चौका : चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव से पदडीह तक बनने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समय सीमा समाप्त होने के 17 माह बाद भी पूरी नहीं हो सकी है. करीब 9.15 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य अधूरा रहने से हजारों ग्रामीणों को रोजाना जर्जर सड़क पर जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने इसे योजना की विफलता बताते हुए जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. 2025 तक पूरा होना था कार्य निर्माण स्थल पर लगे शिलापट्ट के अनुसार सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत 28 अगस्त 2023 को हुई थी और इसे 27 फरवरी 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के करीब 17 माह बाद भी सड़क का अधिकांश हिस्सा अधूरा पड़ा है.

इस सड़क का शिलान्यास 28 नवंबर 2023 को रांची सांसद संजय सेठ, ईचागढ़ विधायक सविता महतो तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया था. निर्माण कार्य का जिम्मा एम/एस मैगोटिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है. पुल निर्माण का कार्य भी है अधूरा रुगड़ी से बड़ामटांड़ के बीच नाला पर पुल का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है. वहीं बड़ामटांड़ से गौरडीह, काशीडीह, लेंगडीह, सिदडीह होते हुए पदडीह तक अधिकांश हिस्सों में सड़क निर्माण नहीं हुआ है.

कुछ गांवों में केवल पीसीसी सड़क और गार्डवाल का निर्माण कराया गया है, जबकि बाकी हिस्सों में सड़क की हालत पहले से भी बदतर हो गई है. बारिश के दौरान सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और एंबुलेंस सेवा को हो रही है. कई लोग जर्जर सड़क पर गिरकर घायल भी हो चुके हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क जैसी महत्वपूर्ण योजना का वर्षों तक अधूरा रहना विकास कार्यों की अनदेखी को दर्शाता है. उनका कहना है कि यदि समय पर निर्माण पूरा होता तो दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलती.

लेंगडीह, सिदडीह से पदडीह तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. रोजाना आवागमन में भारी परेशानी होती है. स्कूली बच्चों और एंबुलेंस को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है. परेश महतो, ग्रामीण. सड़क निर्माण अधूरा रहने से ग्रामीण वर्षों से जर्जर सड़क का दंश झेल रहे हैं. बारिश में सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है और लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है.राजशेखर गांगुली, ग्राम प्रधान. रुगड़ी और खुदीयाडीह के बीच नाला पर पुल नहीं बनने से ग्रामीण सीधे पंचायत सचिवालय तक नहीं पहुंच पाते. बरसात में यह समस्या और गंभीर हो जाती है.

प्रमुख बातें

सड़क की लंबाई . 9.15 किमी

योजना : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना

कार्य प्रारंभ : 28 अगस्त 2023

निर्धारित पूर्णता तिथि: 27 फरवरी 2025

वर्तमान स्थिति : 17 माह बाद भी निर्माण अधूरा

संवेदक : एम/एस मैगोटिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola