राजनगर के दो गांवों में चल रहा था अवैध शराब का खेल... छापेमारी में जो मिला, उससे मच गया हड़कंप
शराब भट्ठी ध्वस्त करती टीम.
सरायकेला के राजनगर में उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर अवैध शराब की 4 भट्ठियां ध्वस्त कीं. भारी मात्रा में जावा महुआ और शराब बरामद, आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई.
सरायकेला : राजनगर में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांवों में चल रहे अवैध कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया. विभागीय टीम ने चार चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त कर भारी मात्रा में जावा महुआ और तैयार शराब बरामद की. कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.
गुप्त सूचना मिलते ही हरकत में आया विभाग
रविवार को उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र के जनबनी और हनुमतबेड़ा गांव में छापेमारी की. उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि दोनों गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब तैयार की जा रही है. सूचना के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों गांवों को घेर लिया. छापेमारी के दौरान चार अवैध चुलाई भट्ठियों को नष्ट कर दिया गया. मौके से 7,100 किलोग्राम जावा महुआ और 140 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई. अधिकारियों ने बरामद सभी अवैध उत्पादों को जब्त कर लिया. इतनी बड़ी मात्रा में जावा महुआ मिलने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से यहां अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा था.
कारोबारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने बताया कि अवैध चुलाई अड्डों का संचालन करने वालों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या प्रशासन को दें. अधिकारियों का कहना है कि जनसहयोग से ही ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सकती है. छापेमारी अभियान में निरीक्षक नीरज कुमार समेत कई अधिकारी और कर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप कुमार मिश्रा
प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










