हल्की बारिश में ही इस सड़क पर भर जाता है पानी, आप भी देखकर रह जाएंगे हैरान
सड़क पर जलजमाव.
सरायकेला के गैराज चौक पर जलजमाव से राहगीरों और दुकानदारों का बुरा हाल है. 100 मीटर सड़क तालाब में तब्दील होने से लोग परेशान हैं। प्रशासन से समाधान की मांग की गई.
सरायकेला : सरायकेला के गैराज चौक की मुख्य सड़क इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गई है. बारिश होते ही करीब 100 मीटर तक सड़क पानी में डूब जाती है. पूरा इलाका तालाब जैसा दिखाई देने लगता है. जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हर साल बनने वाली यह समस्या अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है.
हल्की बारिश में ही सड़क पर भर जाता है पानी
नगर पंचायत क्षेत्र के गैराज चौक से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़क पर हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की स्थिति बन जाती है. करीब 100 मीटर तक सड़क पर पानी जमा हो जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
गड्ढों में भर जाता है पानी, दिखाई नहीं देने के कारण होता है हादसा
जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है. इससे सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं. ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. कई लोगों को पानी और कीचड़ से होकर आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. जलजमाव का सबसे अधिक असर पैदल यात्रियों पर पड़ रहा है. स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं. पानी और कीचड़ के कारण बच्चों के कपड़े खराब हो जाते हैं, जबकि बुजुर्गों के फिसलने का खतरा बना रहता है.
दुकानदारों को हो रहा आर्थिक नुकसान
सड़क किनारे दुकान चलाने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बड़े वाहनों के गुजरने पर गंदा पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच जाता है. इससे सामान खराब होने का खतरा बना रहता है. दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के कारण ग्राहक भी दुकानों तक पहुंचने से बचते हैं. स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से सड़क की मरम्मत, नालियों की सफाई और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










