‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों से गूंजा खरसावां
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक दशरथ गागराई और पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
खरसावां में स्वतंत्रता दिवस पर 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम का आयोजन हुआ. विधायक दशरथ गागराई ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
खरसावां : अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन की और से खरसावां सामुदायिक भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया.
देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के आदर्शों को आत्मसात करें : विधायक
मुख्य अतिथि विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि देश की आजादी हमें शहीदों के बलिदान से मिली है. स्वतंत्रता दिवस का दिन देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद करने और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का दिन है. उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है. उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे विकास योजनों की जानकारी देते हुए कहा कि खरसावां विधान सभा क्षेत्र विकास के मार्ग पर अग्रसर है. सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी जैसी आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है. सरकारी योजनाओं को सीधे आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने की अपील की.
शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों ने देश भक्ति गीत संगीत से समां बांधा
कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी. बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का भाव भर दिया. छात्र-छात्राओं ने अपनी कला एवं प्रतिभा के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया. कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं पहुंचे थे. देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भीड़ बनी रही.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान माझी, अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, थाना प्रभारी राहुल सिंह, विधायक की धर्मपत्नी बसंती गागराई, पॉलिटेक्निक कॉलेज राजखरसावां के प्रधानाध्यापक डॉ सत्यदेव राम, सामाजिक कार्यकर्ता उमेश सिंहदेव, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, छऊ गुरु तपन पटनायक, खरसावां प्रमुख मनेंद्र जमुदा, कांग्रेसी नेता छोट राय किस्कु, मानवाधिकार संगठन के निदेशक अनूप सिंहदेव, सुमित पटनायक, संपत प्रधान, विजय कुमार साहू, सुब्रत सिंहदेव, मुकेश पांडा, मनमीत सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
इसके अलावा क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आयोजकों एवं स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया. देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शचिंद्र कुमार दाश
शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










