रामदास दा के विचार पार्टी कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे : गागराई
पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते खरसावां विधायक दशरथ गागराई समेत झामुमो कार्यकर्ता.
खरसावां में पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि मनाई गई। विधायक दशरथ गागराई ने उनके संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
खरसावां : झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ झामुमो नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को खरसावां स्थित झामुमो कार्यालय भावुक माहौल का साक्षी बना. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और झारखंड आंदोलन से लेकर शिक्षा एवं राज्य के विकास में उनके योगदान को याद किया. श्रद्धांजलि सभा में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि बसंती गागराई समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के संघर्ष, विचारधारा और समाज के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
रामदास दा के विचार कार्यकर्ताओं को हमेशा करते रहेंगे प्रेरित
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर राज्य के अधिकारों की लड़ाई तक रामदास सोरेन की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में समाज और राज्य के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने झारखंड के विकास, राज्य के अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को हमेशा मजबूती से उठाया. विधायक ने कहा कि रामदास दा की कमी हमेशा महसूस होगी, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे.
बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज तथा राज्य के हित में कार्य करने का संकल्प लिया. इस दौरान झारखंड आंदोलन और राज्य निर्माण में उनके योगदान को भी याद किया गया. मौके पर बसंती गागराई, अर्जुन गोप, अजय सामड, ललन तिवारी, खिरोद प्रमाणिक, राजू मुस्ताक, मो. सलाम, साधुचरण सोय, राजेश दल बेहेरा समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शचिंद्र कुमार दाश
शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









