जिले को मिला विकास का संदेश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी भी हुए सम्मानित
सरयकेला थाना प्रभारी को पुरस्कृत करते डीसी.
सरायकेला में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह का आयोजन हुआ. डीसी नीतीश कुमार सिंह ने झंडा फहराया और बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया.
सरयकेला : 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सरायकेला-खरसावां जिले में देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा. सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया, जबकि जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मुख्य समारोह में बिरसा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. तिरंगे को सलामी देने के साथ ही जिले के विकास, जनकल्याण और बेहतर प्रशासन का संकल्प भी दोहराया गया. जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इससे पहले उन्होंने एसपी मनोज स्वर्गियारी के साथ परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली.
जिला प्रशासन विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध : डीसी
जिले के नाम अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पीटीजी समुदाय के लोगों तक डाकिया योजना के तहत अनाज पहुंचाया जा रहा है. साथ ही उन्हें आवास और अन्य बुनियादी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है. जिले में सड़क, बिजली, पानी और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
उत्कृष्ट कार्य करने पर अधिकारियों का सम्मान
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कार प्रदान किया. सम्मानित होने वालों में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप कुमार मिश्रा
प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









