रिमांड में उगले राज, यहां जानें जंगल में कहां-कहां छिपा रखा था हथियार व विस्फोटक

Updated:
विज्ञापन

छापेमारी के दौरान पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा बरामद किये गये हथियार.

सरायकेला पुलिस और सुरक्षा बलों ने कुचाई व दलमा जंगल में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार और 309 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. माओवादियों के खिलाफ अभियान जारी.

विज्ञापन

सरायकेला : माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. रिमांड पर लिये गये माओवादियों से पूछताछ के बाद जिला पुलिस, 209 कोबरा खूंटी व 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल व चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी के ऊपर स्थित दलमा जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गये हथियार, मैगजीन, जिंदा कारतूस और विस्फोटक बरामद किये गये. बरामद सामग्री में एक इंसास, एक एसएलआर, दो .303 राइफल और देसी पिस्टल समेत कुल 309 जिंदा कारतूस शामिल हैं. एक आईईडी व दो डेटोनेटर भी बरामद किये गये, जिन्हें बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया.

गिरफ्तार माओवादियों से मिले इनपुट पर हुई कार्रवाई

जिला पुलिस के अनुसार पिछले दिनों भाकपा माओवादी संगठन के सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार, रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो तथा सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपु पहाड़िया को गिरफ्तार किया गया था. न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद तीनों से माओवादी संगठन से जुड़े फरार आरोपियों तथा हथियार व गोली-बारूद के संबंध में पूछताछ की गयी. पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर जंगल में माओवादी ठिकानों को चिह्नित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

दुर्गम व घने जंगलों में छिपा कर रखे गये थे हथियार व गोली

दुर्गम और घने जंगलों में सुरक्षा बलों की टीम ने सावधानीपूर्वक तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान जंगल में छिपाकर रखे गये हथियार, गोली समेत अन्य विस्फोटक बरामद किये गये.संयुक्त अभियान के दौरान दो .303 राइफल, एक 5.56 एमएम इंसास राइफल, एक 7.62 एमएम एसएलआर राइफल तथा एक 9 एमएम देसी पिस्टल बरामद की गयी. इसके अलावा .303 राइफल की तीन मैगजीन, आठ चार्जर, एसएलआर की तीन मैगजीन, इंसास की चार मैगजीन और 9 एमएम देसी पिस्टल की दो मैगजीन भी मिलीं. तलाशी में 7.62 एमएम के 171, 5.56 एमएम के 126 और 9 एमएम के 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए. इस प्रकार कुल 309 जिंदा कारतूस सुरक्षा बलों के हाथ लगे. इसके अलावा एक आईईडी और दो डेटोनेटर भी बरामद किये गये. बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया.

25 सदस्यीय टीम ने चलाया अभियान

अभियान में सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, 26वीं वाहिनी एसएसबी रांची एवं मातकमडीह कैंप के शक्ति सिंह, कोबरा 209 एवं टीम खूंटी के विपुल राज समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. कांड्रा, चांडिल, नीमडीह, सरायकेला, खरसावां, कुचाई, चौका, गम्हरिया समेत अन्य थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी व जवान भी अभियान में शामिल रहे. पुलिस के अनुसार, माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जंगलों में छिपाकर रखे गये हथियार और विस्फोटकों की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.


विज्ञापन
शचिंद्र कुमार दाश

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola