रोमांचक मुकाबले में हेंब्रम ब्रदर्स को हराकर सालुका FC बनी चैंपियन

खिलाड़ियों के साथ
कुचाई में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में सालुका एफसी जोजोडीह ने हेंब्रम ब्रदर्स को हराकर खिताब जीता. विधायक दशरथ गागराई ने विजेताओं को पुरस्कृत किया.
खरसावां: सरायकेला खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के सामुडीह फुटबॉल मैदान में यूनिट स्टार क्लब की ओर से 64 टीमों के बीच तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सालुका एफसी जोजोडीह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हेंब्रम ब्रदर्स को पराजित कर खिताब अपने नाम किया. पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसका दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया.
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक दशरथ गागराई
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया. अपने संबोधन में विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण गतिविधियों में से एक है खेल. खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उन्हें बेहतर मंच और प्रोत्साहन देने की है. इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ी प्रोत्साहित होते हैं. विधायक ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. निजी स्तर से भी खेल के लिए प्रयास जारी है.
पहले से छठे स्थान पर रहने वाले टीमों को किया गया पुरस्कृत
विधायक दशरथ गागराई ने प्रतियोगिता में विजेता सालुका एफसी जोजोडीह की टीम को 40 हजार रुपये नगद, ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया. वहीं उपविजेता हेंब्रम ब्रदर्स को 23 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया. तीसरे व चौथे स्थान पर रहने कुसतुईया और पुतुलपीड की टीम को 12-12 हजार रुपये, जबकि पांचवें और छठे स्थान पर रही बीएस ब्रदर्स तथा मनोहरपुर की टीम को 8,500-8,500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
विजेता खिलाड़ियों ने पुरस्कार मिलने पर आयोजकों के प्रति आभार जताया. समारोह में मुखिया राम सोय, रामलाल सोय, मंगल सिंह सोय, राहुल सोय, मुन्ना सोय, रायसिंह मुंडा, श्यामलाल सोय, विकास गोप, जामुदा सोय, सुखराम सोय, बिरसा सोय, वीरेंद्र सोय, अमृत सोय, मोरन सिंह सोय, मंगल हासदा समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण और खिलाड़ी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शचिंद्र कुमार दाश
शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










