15 अगस्त पर शराब और मांस की दुकानें रहेंगी बंद, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

अधिकारीयों को निर्देश देते DC
सरायकेला खरसावां में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और साफ-सफाई के दिए कड़े निर्देश.
सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त कार्यालय सभागार में डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में समारोह की सभी तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए.
मुख्य समारोह भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होगा. बैठक में स्टेडियम की साफ-सफाई, समतलीकरण, स्टोन डस्ट बिछाने, मंच एवं पंडाल निर्माण, साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, वीडियोग्राफी, प्रभात फेरी, परेड पूर्वाभ्यास, राष्ट्रीय गान, माल्यार्पण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा सुविधा, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा निमंत्रण पत्र वितरण सहित सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.
डीसी ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित करने तथा नगर निकायों को 13 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के सभी कार्य पूरे करने को कहा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए.
14 अगस्त को होगी सांस्कृतिक संध्या
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को नगर भवन, सरायकेला में स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा.
15 अगस्त को रहेगा ड्राई डे
डीसी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में ड्राई डे लागू रहेगा. इस दिन सभी शराब की दुकानें, कसाईखाने तथा मांस एवं मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी.
ध्वज संहिता के अनुरूप ही बिकेंगे तिरंगे
राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए डीसी ने सभी एसडीओ, बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को बाजारों में विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाजारों में केवल ध्वज संहिता के अनुरूप निर्धारित मानक आकार के राष्ट्रीय ध्वजों की ही बिक्री सुनिश्चित की जाए.
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद: एसपी
एसपी मनोज सर्वगियारी ने समारोह के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए सभी सुरक्षा तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने समारोह स्थल एवं अन्य ध्वजारोहण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में एसडीओ अभिनव प्रकाश, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, नगर आयुक्त (आदित्यपुर) एजाज अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन शिवम गुप्ता, डीपीआरओ अविनाश कुमार, डीएसपी मुख्यालय दुसरू बानसिंह, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे.
स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम
सुबह 8:15 बजे - गोपनीय कार्यालय, उपायुक्त आवास. सुबह 8:40 बजे - गोपनीय कार्यालय, पुलिस अधीक्षक. सुबह 9:10 बजे - भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला. सुबह 10:15 बजे - समाहरणालय परिसर. सुबह 10:30 बजे - पुलिस अधीक्षक कार्यालय. सुबह 10:55 बजे - पुलिस लाइन, दुगनी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप कुमार मिश्रा
प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










